Trending

इंडियन आर्मी ने सुरक्षित अमरनाथ यात्रा के लिए शुरू किया ऑपरेशन शिवा

राघवेंद्र प्रताप सिंह: इंडियन आर्मी बॉर्डर से लेकर पिलग्रिमेज यानि सीमा से लेकर तीर्थ स्थल तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में लगी है। अब जबकि इस समय श्री अमरनाथ यात्रा जोरों-शोरों से चल रही है जो 3 जुलाई से शुरू हुई है और 9 अगस्त को समाप्त होगी, उसको सुरक्षित बनाने के लिए इंडियन आर्मी एक बार फिर मुखर रूप में सामने आई है। इसी कड़ी में अमरनाथ यात्रा 2025 को सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए भारतीय सेना ने “ऑपरेशन शिवा” की शुरुआत कर दी है। यह सुरक्षा अभियान अत्याधुनिक तकनीक, सतर्क निगरानी और बहुस्तरीय रणनीति पर आधारित है, जिसके तहत 8,500 से अधिक सैनिकों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। सेना, नागरिक प्रशासन और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के साथ मिलकर बालटाल और पहलगाम मार्गों पर सुरक्षा का मजबूत कवच तैयार कर रही है। इस वर्ष यह अभियान ऑपरेशन सिंदूर के बाद उभरी सुरक्षा चिंताओं और पाकिस्तान समर्थित आतंकी खतरे को ध्यान में रखते हुए और भी व्यापक रूप में संचालित किया जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि व्यापक तैनाती के तहत, ड्रोन-आधारित खतरों का मुकाबला करने के लिए 50 से ज़्यादा सी-यूएएस और ईडब्ल्यू (इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर) प्रणालियों वाला एक समर्पित काउंटर-यूएएस (मानवरहित हवाई प्रणाली) ग्रिड तैनात किया गया है। उन्होंने आगे कहा, “यूएवी (ड्रोन) और पीटीजेड कैमरा फीड के जरिए लाइव निगरानी यात्रा काफिलों और पवित्र गुफा पर सक्रिय रूप से नजर रख रही है। पुल बिछाने, ट्रैक चौड़ीकरण और भूस्खलन शमन जैसे बुनियादी ढांचे के कार्यों के लिए इंजीनियर टास्क फोर्स को तैनात किया गया है।”