Trending

चौथे टेस्ट के लिए पंत की उपलब्धता पर शुभमन गिल ने दिया बड़ा अपडेट

भारत-इंग्लैंड लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान चोटिल ऋषभ पंत की अपडेट भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने दी है। पंत को मैच के पहले ही दिन उंगली पर चोट लगी थी, जिसके चलते उन्होंने इस मैच में विकेट कीपिंग तो नहीं की, मगर वह बल्लेबाजी करने जरूर आए।

साभार : गूगल

मैच के दौरान पंत चोटिल हुए थे तो ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे की जिम्मेदारी संभाली। फैंस चिंतित है कि क्या ऋषभ पंत 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं? इसका जवाब अब खुद कप्तान शुभमन गिल ने दिया है।

लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद शुभमन गिल ने उप-कप्तान ऋषभ पंत की इंजरी पर अपडेट देते हुए कहा, “ऋषभ स्कैन के लिए गए हैं। कोई बड़ी चोट नहीं है, इसलिए मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट तक वे ठीक हो जाएंगे।”

मैच के पहले ही दिन के दूसरे सेशन में जसप्रीत बुमराह के 34वें ओवर में लेग साइड में जाती गेंद को रोकने के प्रयास में ऋषभ पंत को यह चोट लगी थी।

पंत मैदान पर दर्द से कहराते हुए दिखे थे। उन्होंने बुमराह के पूरे ओवर में तो कीपिंग की, मगर दर्द को बढ़ता देख वह अगले ही ओवर में मैदान के बाहर चले गए। इसके बाद उन्होंने पूरे मैच में विकेट कीपिंग नहीं की।

चोटिल होने के बावजूद ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने आए और पहली पारी में केएल राहुल का साथ देते हुए शानदार 74 रन बनाए। इंग्लैंड ने इस दौरान कई गेंदें पंत की चोट पर मारने की कोशिश की, मगर इस युवा खिलाड़ी ने हार नहीं मानी।

पंत की उस जुझारू पारी से भारत पहली पारी में इंग्लैंड के बराबर 387 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रहा था। दूसरी पारी में पंत खाता भी नहीं खोल पाए और भारत 193 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 22 रन दूर रह गया। 5 मैच की तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज में भारत 1-2 से पीछा है।