Trending

तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज से शोएब बशीर बाहर, इंग्लैंड के लिए चुनौती

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत के खिलाफ करीबी जीत के बाद बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली इंग्लैंड को तगड़ा झटका लगा है। मेजबान टीम के स्टार स्पिनर शोएब बशीर चोट के चलते पूरी तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज से बाहर हो गए हैं।

साभार : गूगल

मैच के तीसरे दिन बशीर के हाथ पर एक गेंद लगी थी जिसकी वजह से उनकी उंगली फ्रेक्चर हो गई है। इस फ्रेक्चर के चलते वह सीरीज के बचे दो मुकाबले नहीं खेल पाएंगे। बताया जा रहा है इस हफ्ते के अंत में उनकी सर्जरी होगी। सीरीज में 2-1 से आगे चल रही इंग्लैंड की टीम अब किस स्पिनर के साथ अगला टेस्ट खेलने उतरेगी ये देखने वाली बात होगी।

बशीर को तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारत की पहली पारी के 78वें ओवर में रवींद्र जडेजा की गेंद पर कॉट-एंड-बॉल के प्रयास में चोट लगी थी। इसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए और पूरी पारी के लिए वापस नहीं लौटे।

हालांकि, बशीर इंग्लैंड की दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आए और नौ गेंदों पर दो रन बनाए। वह पांचवें दिन के अधिकांश समय मैदान से बाहर रहे, उसके बाद उन्हें दिन के अंत में गेंदबाजी के लिए बुलाया गया, जिसमें भारत का निचला क्रम इंग्लैंड को निराश कर रहा था।

बशीर ने ही मोहम्मद सिराज का अंतिम विकेट लेकर इंग्लैंड को रोमांचक जीत दिलाई। उन्होंने सीरीज में तीन मैचों में 54.1 की औसत से कुल 10 विकेट लिए। बशीर पिछले कुछ सालों में इंग्लैंड के प्रमुख स्पिनर के रूप में उभरे हैं और उन्हें समरसेट के अपने साथी जैक लीच पर तरजीह दी गई है।

बशीर की अनुपस्थिति में लीच को टीम में वापसी मिलेगी या नहीं, यह देखना अभी बाकी है। रेहान अहमद, लियाम डॉसन और टॉम हार्टले जैसे अन्य नाम भी दावेदारी में हैं। दोनों टीमों के बीच चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाना है। इंग्लैंड के पास सोचने के लिए अभी काफी समय है।