Trending

आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय महिला टीम, अब वनडे में इंग्लैंड पर धावा बोलने को तैयार

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में जीत के बाद आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला टीम अब वनडे सीरीज के लिए तैयार है। बुधवार से साउथम्पटन में शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भी भारतीय महिलाएं इसी लय को कायम रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारत ने टी20 श्रृंखला में 3-2 से जीत दर्ज करके नया इतिहास रचा था।

साभार : गूगल

यह पहला अवसर था जब भारत ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में इंग्लैंड से श्रृंखला जीती। इस साल के आखिर में भारत में वनडे विश्व कप खेला जाना है और उसे देखते हुए हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम 50 ओवरों के प्रारूप में भी अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहेगी।

भारत ने अपना आखिरी वनडे मैच मई में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय श्रृंखला में जीता था। इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में जीत हासिल करने से भारतीय टीम का विश्व कप से पहले मनोबल और बढ़ेगा। भारत ने हाल के वर्षों में अपने दृष्टिकोण में बदलाव किया है और 300 से अधिक का स्कोर बनाने पर अधिक जोर दिया है।

त्रिकोणीय श्रृंखला में उसने 276, 275, 337 और 342 का स्कोर बनाया था। कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में हमने जो वनडे मैच खेले हैं उनमें 300 से अधिक रन बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है। इससे हमारे गेंदबाजों को थोड़ी राहत मिलती है।’’

युवा सलामी बल्लेबाज़ प्रतीका रावल को एक बार फिर अनुभवी शेफाली वर्मा पर प्राथमिकता दी गई है। रावल ने त्रिकोणीय श्रृंखला में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था जहां उन्होंने महिला वनडे में सबसे तेज़ 500 रन बनाने वाली बल्लेबाज़ बनकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया था। कप्तान हरमनप्रीत कौर, उप-कप्तान स्मृति मंधाना, फिनिशर ऋचा घोष और भरोसेमंद जेमिमा रोड्रिग्स और हरलीन देओल की मौजूदगी में भारत का शीर्ष और मध्य क्रम मजबूत नजर आता है।

निचले क्रम में दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर की बल्लेबाजी क्षमता को जोड़ लें तो भारत दुनिया की किसी भी टीम को हराने में सक्षम दिखता है। रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर के चोटिल हो जाने के कारण बाहर हो जाने के बाद तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई अनुभवी अरुंधति रेड्डी करेंगी, जिसमें उन्हें क्रांति गौड़, ऑलराउंडर अमनजोत कौर और सयाली गणेश का सहयोग मिलेगा। भारत के पास स्पिन विभाग में अच्छी पकड़ है।

श्री चरणी और राधा यादव की बाएं हाथ की जोड़ी अनुभवी ऑफ स्पिनर स्नेह राणा और दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर ज़िम्मेदारी संभालेगी। इस बीच इंग्लैंड की टीम को अपनी दो प्रमुख खिलाड़ियों की वापसी से मजबूती मिलेगी। कप्तान नैट साइवर-ब्रंट चोट से उबरने के बाद फिर से टीम की कमान संभालेंगी।

विश्व की नंबर एक वनडे गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन भी घुटने की चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद वापसी कर रही हैं।

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, शुचि उपाध्याय, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, एम्मा लैम्ब, लिंसे स्मिथ