Trending

जोफ्रा आर्चर की धमाकेदार वापसी : आलोचकों को दिया करारा जवाब

लंबे वक़्त से इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर चोट के चलते क्रिकेट से दूर रहे। एक के बाद एक कई चोटों से उनके करियर पर ग्रहण सा लग गया था। कुछ आलोचक तो उनका करियर खत्म होने तक की भविष्यवाणी कर रहे थे। लेकिन आर्चर ने वापसी की और खुद को साबित किया।

साभार : गूगल

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत पर जीत के बाद उन्होंने अपने आलोचकों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने उन ‘कीबोर्ड योद्धाओं’ को चुप करा दिया जो कई चोटों से उबरने के बाद रिहैबिलिटेशन के दौरान उनके पीछे पड़े थे। 2021 के बाद से अपना पहला टेस्ट खेल रहे आर्चर लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भारत की हार का कारण बने।

उन्होंने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को शून्य पर आउट किया और फिर ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर के विकेट लेकर सोमवार को इंग्लैंड को 22 रन से जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आर्चर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैं (इंग्लैंड की जीत के बाद) थोड़ा भावुक हो गया था। यह सफर काफी लंबा रहा।

मैं आपको बता नहीं सकता कि पिछले तीन या चार वर्षों में कितने कीबोर्ड योद्धा मेरे पीछे पड़े हुए थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वापसी में काफ़ी समय लग गया। काफ़ी रिहैबिलिटेशन और ट्रेनिंग करनी पड़ी, लेकिन ऐसे पल ही हैं जो इसे सार्थक बनाते हैं।

दर्शकों ने मेरा पूरा हौसला बढ़ाया।’’ आर्चर ने कहा, ‘‘कभी-कभी आपको लगता है कि आप वापसी के लिए तैयार हैं, लेकिन जब तक आप ऐसा नहीं करते, तब तक आपको वास्तविकता का पता नहीं चलता। सुरक्षित तरीका ही सबसे अच्छा तरीका है, इसलिए मैं ज्यादा परेशान नहीं था। मैं सफल वापसी करके खुश हूं।’’