किंग चार्ल्स तृतीय से भारतीय टीम की मुलाकात, एक यादगार अनुभव
किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के अनुभव भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने साझा किया। उन्होंने बताया कि टीम को उम्मीद नहीं थी कि किंग चार्ल्स लॉर्ड्स टेस्ट देखेंगे। भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने मंगलवार को लंदन स्थित ‘क्लेरेंस हाउस’ में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की।

इस दौरान किंग चार्ल्स ने जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, शुभमन गिल समेत अन्य खिलाड़ियों से बातचीत की। किंग चार्ल्स तृतीय ने अपनी परंपरा निभाते हुए लंदन दौरे पर आई भारतीय टीम का क्लेरेंस हाउस में स्वागत किया। यह एक दोस्ताना मुलाकात थी। किंग चार्ल्स तृतीय इंग्लैंड दौरे पर राष्ट्रमंडल क्रिकेट टीमों का स्वागत करने की परंपरा रखते हैं।
https://www.instagram.com/indiancricketteam/reel/DMJ2FmqTIVJ/?hl=en
राष्ट्रमंडल प्रमुख के रूप में मेहमानों की मेजबानी कर रहे किंग चार्ल्स ने भारतीय टीम से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने भारत-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट की झलकियां देखीं। इस मुकाबले में गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम को महज 22 रन से करीबी हार मिली थी।
गिल ने ‘बीसीसीआई’ द्वारा साझा एक वीडियो में कहा, “किंग चार्ल्स बहुत दयालु और उदार हैं। उन्होंने हमसे बहुत अच्छी बातचीत की। उम्मीद नहीं थी कि वह हमारा मैच देखेंगे।
https://www.instagram.com/theroyalfamily/p/DMIcoTnMI8Y/?img_index=1
किंग चार्ल्स ने बताया कि उन्होंने हमारे मुकाबले के आखिरी सेशन के कुछ अंश देखे। यह एक शानदार अनुभव था। हम इसके लिए बहुत आभारी हैं।” इस दौरान क्लेरेंस हाउस में इंग्लिश अभिनेता और संगीतकार इद्रिस एल्बा ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात की।
इद्रिस एल्बा सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित यूथ ऑपर्च्युनिटीज समिट के लिए लंदन पहुंचे थे। एल्बा ने भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात के दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराइस्वामी भी थे। शुक्ला ने किंग चार्ल्स को अपनी पुस्तक ‘स्कार्स ऑफ 1947’ भेंट की।
राजीव शुक्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ब्रिटेन के किंग चार्ल्स हम सभी से बहुत ही गर्मजोशी के साथ अपने घर पर मिले। वह खुशमिजाज व्यक्तित्व हैं। मुलाकात से पहले, उन्होंने हम सभी के बारे में काफी जानकारी इकट्ठा की थी।”