गॉर्डन ग्रीनिज हुए ऋषभ पंत के मुरीद, बोले– खेल का अंदाज़ है कमाल का
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज गॉर्डन ग्रीनिज को क्रिकेट के इतिहास के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में शुमार किया जाता है। उन्होंने बताया है कि इस समय वह क्रिकेटर का खेल देखना पसंद करते हैं और उसका आनंद लेते हैं।

वेस्टइंडीज क्रिकेट के स्वर्णिम काल में अपने पावरफुल स्ट्रोकप्ले के लिए जाने जाने वाले ग्रीनिज ने आधुनिक खिलाड़ियों पर शायद ही कभी कोई टिप्पणी की हो, लेकिन हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने एक मौजूदा भारतीय स्टार को अपना निजी पसंदीदा बताकर प्रशंसकों को चौंका दिया है।
हाल ही में एक अंग्रेजी अखबार को दिए एक इंटरव्यू में ग्रीनिज से पूछा गया कि उन्होंने आखिरी बार किस क्रिकेटर को देखा और किसे देखना अच्छा लगता है? इसके जवाब उन्होंने विराट कोहली का नाम लिया और ऋषभ पंत का भी जिक्र किया।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने सिर्फ हाइलाइट्स ही देखे थे। ग्रीनिज ने कहा, “विराट कोहली। मैंने पंत को देखा है, लेकिन मैंने हाइलाइट्स ही देखे हैं।” विराट कोहली तो अब टेस्ट और टी20 क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन पंत लगातार अपनी छाप इंटरनेशनल क्रिकेट में छोड़ रहे हैं।
टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत का आक्रामक शैली पर सवाल उठते हैं, लेकिन ग्रीनिज का मानना है कि अगर पंत का तरीका काम करता है, तो बहुत अच्छा है, लेकिन अगर नहीं, तो उन्हें और उनकी टीम को निराशा हो सकती है। उन्होंने कहा, “अगर ये सफल हो गया, तो बहुत अच्छा। अगर नहीं हुआ, तो मुझे यकीन है कि वो और बाकी टीम बहुत निराश होगी।
उसे इसी तरह खेलना पसंद है और वो खेलते हुए ज्यादा सहज महसूस करता है। जब उसने हेडिंग्ले में एक टेस्ट मैच में उस खिलाड़ी (बेन स्टोक्स) को नीचे आकर उसके सिर के पीछे गेंद मारी, तो कमेंटेटर हैरान रह गए। मुझे लगता है कि जब वो शून्य पर था। जिस तरह से वो खेलता है वो वाकई कमाल का है। कुछ खिलाड़ी दूसरों से ज्यादा साहसी होते हैं।”