आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन, रावल पर 10%, इंग्लैंड पर 5% मैच फीस का फाइन
भारत और इंग्लैड की महिला टीमों के बीच पहले वनडे के बाद आईसीसी ने भारतीय बल्लेबाज और इंग्लैंड की पूरी टीम पर फाइन लगाया है।
भारतीय बल्लेबाज प्रतिका रावल को इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया और उन पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

इंग्लैंड की महिला टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है। ऐसे में इंग्लैंड की टीम पर 5-5 फीसदी मैच का फीस का जुर्माना ठोका गया है। भारतीय सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल को थोड़े समय के अंतराल में हुई दो अलग-अलग घटनाओं के लिए दंडित किया गया है।
18वें ओवर में सिंगल लेते समय उन्होंने गेंदबाज लॉरेन फाइलर के साथ बॉडी कॉन्टेक्ट किया, जिससे बचना संभव था और अगले ओवर में आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय उन्होंने गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन के साथ भी ऐसा ही बॉडी कॉन्टेक्ट बनाया, जिससे बचना संभव था।
10 फीसदी मैच फीस के अलावा रावल के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया है। 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध था। वहीं, इंग्लैंड पर स्लो ओवर रेट के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि समय सीमा का उन्होंने ध्यान नहीं रखा और तय सीमा के बाद उन्होंने एक ओवर देरी से किया।
प्लेयर्स एंड प्लेयर्स सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर गति अपराधों से संबंधित है, खिलाड़ियों पर निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम फेंकने पर उनकी मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। प्रतिका रावल और इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने अपने अपराधों को स्वीकार कर लिया है। ऐसे में इसमें सुनवाई की जरूरत नहीं है।