Trending

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स : पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराया

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 की शुरुआत 19 जुलाई से हो गई है। टूर्नामेंट का आगाज मेजबान इंग्लैंड वर्सेस पाकिस्तान मैच के साथ हुआ। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में इंग्लैंड को करीबी हार का सामना करना पड़ा, पाकिस्तान ने इस मैच को मात्र 5 रनों के अंतर से जीता।

साभार : गूगल

पाकिस्तान की जीत के हीरो मोहम्मद हफीज रहे जिन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए पाकिस्तान को 160 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में इंग्लैंड के लिए इयान बेल ने भी फिफ्टी ठोकी, मगर वह टीम को जीत नहीं दिला सके। हफीज को उनके उम्दा परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पावरप्ले में दोनों सलामी बल्लेबाज कामरान अकमल (8) और शरजील खान (12) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान मोहम्मद हफीज ने 34 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 54 रनों की शानदार पारी खेली।

अंत में आमिर यामीन ने 13 गेंदों पर तूफानी अंदाज में 27 रन बनाकर पाकिस्तान को निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 160 के स्कोर तक पहुंचाया।

161 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी मेजबान टीम के लिए फिल मस्टर्ड (58) ने शानदार अर्धशतक जड़ा, वहीं इयान बेल ने भी 35 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 51 रनों की नाबाद पारी खेली, मगर दोनों बल्लेबाजों के अर्धशतक टीम के काम नहीं आ सके और इंग्लैंड को 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 16 रनों की दरकार थी, मगर सोहेल खान ने पहली गेंद पर चौका खाने के बाद अगली 5 गेंदों पर सिर्फ 6 ही रन दिए। पाकिस्तान का अगला मुकाबला भारत से 20 जुलाई को है।