Trending

अर्जुन एरिगैसी का फ्रीस्टाइल शतरंज ग्रैंड स्लैम सफर सेमीफाइनल में समाप्त

भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी का फ्रीस्टाइल शतरंज में सफर सेमीफाइनल में आर्मेनिया के पूर्व खिलाड़ी और अमेरिका से खेल रहे लेवोन अरोनियन से 0-2 से हार के साथ समाप्त हो गया।

साभार : गूगल

एरिगैसी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, वह फ्रीस्टाइल ग्रैंड स्लैम के अंतिम चार में पहुंचने वाले पहले भारतीय बने थे। अरोनियन के खिलाफ वह जादुई लय कायम नहीं रख पाए और उन्हें दोनों बाजियों में हारे।

वह सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए प्रारंभिक दौर के प्ले-ऑफ में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को तथा क्वार्टर फाइनल में हिकारू नाकामुरा को हराया था। अरोनियन के खिलाफ पहली बाजी में वह अच्छी स्थिति में दिख रहे थे लेकिन मौकों को भुनाने में असफल रहे।

अरोनियन ने मुश्किल स्थिति में होने के बावजूद अपनी पकड़ बनाए रखी और जब अर्जुन अपनी बढ़त का फायदा नहीं उठा सके तो उन्हें इसका लाभ मिला। अरोनियन को फाइनल में जगह बनाने के लिए दूसरी बाजी में केवल ड्रॉ की जरूरत थी।

उन्होंने शुरू से बाजी बराबर करने के प्रयास किए और एक समय ऐसा लग भी रहा था कि मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है, लेकिन अर्जुन को मुकाबले में बने रहने के लिए जीत की जरूरत थी और ऐसे में उन्होंने अनावश्यक जोखिम उठाया जिसकी उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी।

अमेरिका के हंस मोके नीमन फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी थे। उन्होंने हमवतन फैबियानो कारुआना को हराया। खिताब की दौड़ से बाहर हो चुके भारतीय खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा ने तीसरे से आठवें स्थान के लिए हुए प्लेऑफ़ में जर्मनी के विन्सेंट कीमर को 1.5-0.5 से हराया।

नॉर्वे के खिलाड़ी कार्लसन ने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ इसी अंतर से जीत दर्ज की। अन्य मैचों में अमेरिका के वेस्ली सो ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को 3-1 से, जबकि अमेरिका के हिकारू नाकामुरा ने हम वतन लीनियर डोमिन्गुएज़ पेरेज़ को 2-0 से हराया।