मनोलो मार्केज एफसी गोवा के साथ बरकरार, भारतीय फुटबॉल के भविष्य पर अनिश्चितता
भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व मुख्य कोच मनोलो मार्केज 2025-26 सत्र के लिए एफसी गोवा के कोच बने रहेंगे। टीम ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी पुष्टि की है।

मनोलो मार्केज भारतीय फुटबॉल टीम के हेड कोच के साथ एफसी गोवा के कोच की दोहरी भूमिका में थे। 2024 में मार्केज ने हेड कोच के रूप में 2 साल के लिए एफसी गोवा के साथ करार किया था। उन्होंने कहा, “मैं पिछले दो सीजन में बहुत खुश था, जहां टीम ने हर साल लगातार सुधार दिखाया।
क्लब जिस स्तर के संगठन के साथ काम करता है, वह भारतीय क्लब फुटबॉल में आम तौर पर देखने को नहीं मिलता, जिससे एफसी गोवा एक खास क्लब बन गया।
मेरे लिए यह स्पष्ट था कि अगर मुझे भारत में बने रहना है, तो एफसी गोवा के साथ ही रहना होगा।” एएफसी एशियन कप क्वालीफायर में भारत की खराब शुरुआत के बाद पुरुष राष्ट्रीय टीम के हेड कोच पद से मनोलो मार्केज को हटाया जाना तय हो गया था।
भारत ने शुरुआती मैच में बांग्लादेश के खिलाफ ड्रॉ खेला। हांगकांग के खिलाफ टीम को 0-1 से हारी। स्पेन के मनोलो मार्केज की कोचिंग में भारतीय फुटबॉल टीम 8 मैच खेली, जिसमें सिर्फ एक मैच में जीत हासिल हुई। मार्केज 2020-21 इंडियन सुपर लीग सीजन से पहले हैदराबाद एफसी की कमान संभालने के लिए भारत आए थे, जहां उन्होंने 2022 में इंडियन सुपर लीग का खिताब जीता।
हैदराबाद के साथ अपने तीन वर्षों में, मार्केज ने 74 मैचों की कमान संभाली, जिनमें से उन्होंने 37 जीते और 21 ड्रॉ रहे। उन्होंने एफसी गोवा की कमान संभाली और उन्हें सुपर कप जीत दिलाई। मार्केज के नेतृत्व में 62 मैचों में, एफसी गोवा ने 38 मैच जीते हैं, 12 हारे हैं और 12 मैच ड्रॉ रहे हैं।
एफसी गोवा आगामी सीज़न की तैयारी में लगा है, भारतीय फुटबॉल पर अनिश्चितता बनी है क्योंकि इंडियन सुपर लीग का आयोजन करने वाली आईएमजी रिलायंस की सहायक कंपनी फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के साथ अपने समझौते को आगे बढ़ाने को लेकर रुकी हुई बातचीत के कारण आईएसएल के आगामी 2025-26 सीजन को स्थगित कर दिया है।