मोहम्मद शमी की घरेलू क्रिकेट में वापसी: बंगाल के संभावित खिलाड़ियों में शामिल
अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आगामी घरेलू सत्र के लिए बंगाल की 50 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया.

शमी आईपीएल 2025 के बाद से मैदान से बाहर हैं और भारत के मौजूदा इंग्लैंड टेस्ट दौरे का हिस्सा नहीं हैं. बंगाल क्रिकेट संघ द्वारा जारी इस सूची में तेज गेंदबाज आकाश दीप और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन भी लिस्ट में हैं, जो दोनों वर्तमान में भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं.
शमी सीजन के आगाज में होने वाली दलीप ट्रॉफी में पूर्वी क्षेत्र के लिए खेल सकते हैं, जो इस साल अपने पारंपरिक अंतर-क्षेत्रीय प्रारूप में लौट रही है और 28 अगस्त से शुरू हो रही है. यह टूर्नामेंट शमी की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का प्रतीक हो सकता है.
उन्होंने 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 खेले हैं, टखने की चोट से उबरने के बाद आखिरी बार इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के विजयी अभियान में खेले थे. उन्होंने पांच मैचों में नौ विकेट लिए. शमी आईपीएल में उम्मीद से कमतर रहे, जहां उन्होंने अपनी नई फ्रैंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला और 11.23 की इकॉनमी रेट से नौ पारियों में केवल छह विकेट लिए.
उन्होंने इससे पहले इस साल जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी. उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2023 में वनडे विश्व कप फाइनल खेला था. शमी ने पिछले सीजन में बंगाल के साथ घरेलू क्रिकेट में वापसी की थी, जहां उन्होंने सभी प्रारूपों में खेला था, लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में नहीं चुना गया था.
अपने खराब प्रदर्शन के बाद, शमी को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के स्क्वाड में भी जगह नहीं दी गई. बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भारत के मौजूदा दौरे पर जाने से पहले इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को टीम से बाहर करने का कारण बताया.
अगरकर ने एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘मेडिकल टीम के लोगों ने हमें बताया है कि वह इस सीरीज से बाहर हो गए हैं. वह सीरीज के लिए फिट होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पिछले हफ़्ते उन्हें कुछ दिक्कत हुई और उनके कुछ एमआरआई भी हुए हैं. मुझे नहीं लगता कि वह पांच टेस्ट मैच खेल पाएंगे.’