बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप : भारत क्वार्टर फाइनल में, हांगकांग से होगी भिड़ंत
भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को ग्रुप डी के अपने दूसरे मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात को 110-83 से हराकर बैडमिंटन एशिया जूनियर मिश्रित टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टीम ने शुरुआती मुकाबले में श्रीलंका को हराया।

ग्रुप की एक अन्य टीम हांगकांग ने भी अपने दोनों मुकाबले जीतकर अंतिम-8 में जगह बना ली है। ग्रुप डी के शीर्ष पर रहने वाली टीम का फैसला करने के लिए अब भारत और हांगकांग के बीच रविवार को मुकाबला होगा। टूर्नामेंट रिले स्कोरिंग प्रारूप के तहत खेला जा रहा है। जहां टीमें 10 मैचों में 110 अंक हासिल करने कोशिश करती हैं।
भारत ने यूएई के खिलाफ शुरू से दबदबा बनाया था। पहले मैच में लड़कियों के एकल में रुजुला रामू ने मायशा खान को 11-5 से हराया। मिश्रित युगल में सी लालरामसांगा और तारिणी सूरी ने बढ़त 22-11 कर दी।
मध्यांतर तक भारत 55-41 से बढ़त बनाए था। इसके बाद यूएस ओपन फाइनलिस्ट तन्वी शर्मा ने मधुमिता सुंदरपांडियन के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त 66-46 तक पहुंचा दी।
लालरामसांगा ने रेशिका यू के साथ मिलकर दूसरे मिश्रित युगल मुकाबले में आदित्य किरण और मायशा खान को 11-5 से हराकर भारत को 77-51 से आगे कर दिया। इसके बाद भारत ने 110 अंक पर पहुंचकर जीत हासिल करने में देर नहीं लगाई।