मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भारत की मुश्किलें बढ़ीं : अर्शदीप सिंह बाहर, अंशुल कंबोज टीम में शामिल
भारत और इंग्लैंड चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। ऋषभ पंत चोटिल हैं तो वहीं आकाशदीप कमर दर्द से परेशान हैं, अब अर्शदीप सिंह के हाथ में लगी चोट ने परेशानी को तिगुना कर दिया है।

गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान अर्शदीप सिंह के हाथ में चोट लगी थी। बताया जा रहा है कि उन्हें टांके आए हैं जिस वजह से उनके मैनचेस्टर टेस्ट में खेलने के चांसेस ना के बराबर है। चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट को बढ़ता देख अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिती ने बड़ा कदम उठाया है।
भारतीय स्क्वॉड में अंशुल कंबोज को बतौर कवर जोड़ा गया है। रिपोर्ट के अनुसार अर्शदीप सिंह चोट के चलते चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। जिस वजह से कंबोज को बतौर कवर टीम के साथ जोड़ा गया है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, “अर्शदीप को गहरी चोट लगी है और टांके लगे हैं। उन्हें पूरी तरह से फिट होने में कम से कम दस दिन लगेंगे।
चयनकर्ताओं ने कंबोज को टीम में शामिल करने का फैसला किया है।” कंबोज पिछले महीने भारत ए टीम में थे, उन्होंने वहां दो तीन दिवसीय मैच खेले थे। उन्होंने दोनों मैचों में पांच विकेट लिए थे। इस तेज गेंदबाज ने अपनी गति और कसी हुई लाइन से सभी को प्रभावित किया था।
अंशुल कंबोज के फर्स्ट क्लास करियर की बात करें तो, वह हरियाणा के लिए अभी तक 24 मैच खेल चुके हैं जिसमें 79 विकेट चटकाए हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि आकाशदीप मैच से पहले पूरी तरह फिट हो पाते हैं या नहीं।
अगर वह फिट नहीं होते तो शुभमन गिल और गौतम गंभीर प्रसिद्ध कृष्णा या अंशुल कंबोज में से किसी को मौका दे सकते हैं। ऐसे में जसप्रीत बुमराह को चौथे टेस्ट में आराम मिलना मुश्किल नजर आ रहा है।