आईसीसी डेवलपमेंट अवार्ड्स : इन आठ देशों ने जीते शीर्ष सम्मान
नेपाल और भूटान समेत आठ देशों ने आईसीसी डेवलपमेंट पुरस्कार 2024 में शीर्ष पुरस्कार हासिल किए हैं। आईसीसी ने रविवार को अपनी सालाना बोर्ड बैठक में यह जानकारी दी। अमेरिका को आईसीसी एसोसिएट सदस्य वर्ष की पुरुष टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार मिला।

अमेरिका और वेस्टइंडीज में हुए टी20 विश्व कप 2024 में अमेरिकी टीम सुपर आठ चरण तक पहुंची थीं। अमेरिका ने कनाडा और पाकिस्तान को हराकर सनसनी फैला दी थी। अमेरिका, नेपाल और भूटान के अलावा इंडोनेशिया, नामीबिया, स्कॉटलैंड , तंजानिया और वानुआतू को भी पुरस्कार मिले।
क्रिकेट नामीबिया को देश में जमीनी स्तर पर खेल के विकास के लिए ‘एशबर्टन क्वाटा मिनी क्रिकेट कार्यक्रम’ के लिए आईसीसी वर्ष की विकास पहल का पुरस्कार मिला। पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट पहल का पुरस्कार संयुक्त रूप से भूटान और वानुआतू को दिया गया।
नेपाल क्रिकेट संघ को ‘आईसीसी डिजिटल फैन इंगेजमेंट’ पुरस्कार मिला। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, ‘‘आईसीसी डेवलपमेंट पुरस्कार के वैश्विक विजेताओं की घोषणा करके खुशी हो रही है। उदीयमान देशों में क्रिकेट के प्रचार प्रसार के अपने प्रयासों के कारण सभी विजेता पुरस्कार के हकदार थे।’’