चोट के बाद पहली बार बल्ले के साथ दिखे पंत, फैंस को दी राहत की खबर
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भारतीय फैंस को अपनी फिटनेस को लेकर बड़ी अपडेट दी है। भारतीय उपकप्तान ऋषभ पंत ने रविवार को सोशल मीडिया पर 31 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं।

वीडियो में वह विकेटकीपिंग की जगह फील्डिंग करते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान वह फुटबॉल भी खेलते हुए दिखे। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार से खेला जाएगा। इस मैच के लिए शनिवार को भारतीय टीम मैनचेस्टर पहुंची।
ऋषभ पंत को लॉर्ड्स टेस्ट में अंगुली में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्होंने उस टेस्ट में विकेटकीपिंग नहीं की थी। वहीं उसके बाद भारत के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा था कि पंत चोट से उबर रहे हैं और अगर वह फिट हुए तो खेल सकते हैं। इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान जब 34वां ओवर चल रहा था, तब जसप्रीत बुमराह की लेग-साइड की एक गेंद को पकड़ने की कोशिश में पंत की अंगुली में गेंद लग गई थी।
वह काफी दर्द में थे और फिजियो को मैदान पर आना पड़ा, जिससे खेल थोड़ी देर रुका रहा। उन्होंने ओवर तो पूरा किया, लेकिन फिर विकेटकीपिंग जारी नहीं रख सके। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने मैच के बाकी हिस्से में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, पंत ने भारत की दोनों पारियों में नंबर पांच पर बल्लेबाजी की।
पहली पारी में उन्होंने 112 गेंदों पर 74 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में 12 गेंदों पर 9 रन। बल्लेबाज़ी के दौरान खासकर दूसरी पारी में कई बार वह असहज दिखे। शॉट खेलने के दौरान वह चोटिल हाथ को लगातार बल्ले से अलग कर ले रहे थे। लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारत 22 रन से हार गया था जिससे सीरीज में 1-2 से पिछड़ गया।