Trending

पाकिस्तान चैंपियंस के मालिक का दावा : भारत के हटने से हमें मिले 2 पॉइंट्स

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच रविवार को होना वाला मुकाबला रद्द हो गया। इस मैच को लेकर भारत में सोशल मीडिया पर जबरदस्त आक्रोश दिखा था। लोग पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच की आलोचना कर रहे थे।

साभार : गूगल

बाद में भारत के कई सीनियर खिलाड़ियों ने मैच खेलने से इनकार कर दिया, जिसकी वजह से उसे रद्द कर देना पड़ा। लेकिन अगर नॉकआउट में दोनों टीमों के मुकाबले की सूरत उभरी तब? सेमीफाइनल या फिर फाइनल में ऐसी स्थिति आई तब? पाकिस्तान चैंपियंस टीम के मालिक कामिल खान ने कहा है कि ये टी20 टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के हिसाब से चलेगा, उसमें बदलाव नहीं होगा।

खान ने दावा किया कि रविवार को मैच रद्द होने पर पाकिस्तान को 2 अंक मिलेंगे क्योंकि भारतीय टीम मुकाबले से पीछे हटी है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार उनकी टीम 2 पॉइंट्स की हकदार है।

टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में खान ने कहा, ‘बाकी बचे सभी मैच हो रहे हैं। टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के हिसाब से चल रहा है, उसमें कोई बदलाव नहीं होगा।

जहां तक सेमीफाइनल और फाइल की बात है तो हम अभी यह कह सकते हैं कि अगर हम सेमी में पहुंचे तो वहां 4 टीमें होंगी और हम दो टीमों के बीच मुकाबले से बचेंगे।’

अगर भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो क्या होगा, इसके जवाब में खान ने कहा, ‘अगर हम फाइनल में पहुंचते हैं तब उसके बारे में फैसला तब लेंगे।’ डब्ल्यूसीएल का फाइनल 2 अगस्त को खेला जाएगा।

इस टूर्नामेंट में इंडिया चैंपियंस का पहला मुकाबला पाकिस्तान चैपिंयंस से होना था लेकिन भारत के कई सीनियर खिलाड़ियों के पीछे हटने से मुकाबला रद्द हो गया।

आयोजकों का कहना है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को तब रखा जब ये खबर आई कि पाकिस्तान की हॉकी टीम भारत का दौरा करेगी।

हालांकि, शिखर धवन का दावा है कि उन्होंने 11 मई को ही आयोजकों को सूचना दे दी थी कि वह पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे। हरभजन सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना, युवराज सिंह समेत कई खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ खेलने से साफ मना कर दिया था। इस टूर्नामेंट के पहले सीजन को इंडिया चैंपियंस ने जीता था। तब उसने फाइनल में पाकिस्तान को हराया था।