भारत को लगा डबल झटका, रेड्डी पूरी सीरीज से बाहर, अर्शदीप भी चौथा टेस्ट नहीं खेलेंगे
23 जुलाई से भारत बनाम इंग्लैंड चौथा टेस्ट मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाना है। इस मैच को शुरू होने में कुछ ही दिनों का समय बचा है, इस बीच चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट को देखते हुए बीसीसीआई को स्क्वॉड में बदलाव करना पड़ा है।

बीसीसीआई प्रेस रिलीज के अनुसार नीतीश कुमार रेड्डी पूरी सीरीज से तो अर्शदीप सिंह चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। रेड्डी के घुटने में चोट लगी है जबकि अर्शदीप सिंह का हाथ प्रैक्टिस सेशन के दौरान गेंद पकड़ते हुए फट गया था।
अंशुल कंबोज को स्क्वॉड में जोड़ गया है। बता दें, ऋषभ पंत और आकाशदीप की भी चोट ने शुभमन गिल और गौतम गंभीर की टेंशन बढ़ाई हुई है। बीसीसीआई प्रेस रिलीज के अनुसार, “ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी बाएँ घुटने में चोट के कारण बाकी बचे दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं।
नीतीश स्वदेश लौट जाएँगे और टीम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। अर्शदीप सिंह इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं।
बेकेनहैम में एक प्रशिक्षण सत्र के दौरान नेट्स पर गेंदबाजी करते समय उनके बाएँ अंगूठे में चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नज़र रख रही है। पुरुष चयन समिति ने अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया है। कंबोज मैनचेस्टर में टीम से जुड़ गए हैं। चौथा टेस्ट 23 जुलाई से शुरू होगा।”
चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज