यूरोप दौरे का अंत हार के साथ, लेकिन भारत ए ने बटोरी सीख और अनुभव
यूरोप दौरे में भारत ए पुरुष हॉकी टीम ने अपना सफर नीदरलैंड के खिलाफ 2-8 से हार के साथ खत्म किया। युवा भारतीय मिडफील्डर राजिंदर सिंह और फॉरवर्ड सेल्वम कार्थी ने रविवार को खेले गए यूरोप दौरे के अंतिम मैच में भारतीय टीम से गोल दागे। भारत ए पिछले सप्ताह नीदरलैंड के खिलाफ अपना पिछला मैच 0-3 से हार गया था।

भारत ए ने आठ जुलाई को दौरा शुरू किया और पांच यूरोपीय टीमों के खिलाफ आठ मैच खेले। भारतीय टीम ने नीदरलैंड और बेल्जियम जैसी कुछ शीर्ष टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए तीन शहरों की यात्रा की।
भारत ए कोच शिवेन्द्र सिंह ने कहा, ‘‘भले ही इस यूरोपीय दौरे के दौरान हमें जीत की तुलना में अधिक हार मिली, लेकिन हमारा मुख्य उद्देश्य अनुकूल परिणाम हासिल करना नहीं बल्कि एक टीम के रूप में सीख और अनुभव हासिल करना था जिसका भविष्य में इन खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा।’’