Trending

सिराज ने दिया संकेत – मैनचेस्टर टेस्ट में बुमराह रहेंगे एक्शन में

इंग्लैंड के खिलाफ 23 जुलाई से खेले जाने वाले चौथे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह खेलेंगे, इसकी पुष्टि भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने की है। बुमराह का मैनचेस्टर टेस्ट में खेलना चर्चा का विषय है क्योंकि टीम प्रबंधन ने बताया था कि बुमराह इस सीरीज में तीन मैच ही खेलेंगे।

साभार : गूगल

बुमराह पहले और तीसरे टेस्ट में उपलब्ध रहे थे, जबकि कार्यभार प्रबंध के चलते दूसरे टेस्ट से उन्हें आराम दिया गया था। क्रिकेट प्रशंसक और अनिल कुंबले सहित कुछ पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि बुमराह को मैनचेस्टर टेस्ट में खेलना चाहिए क्योंकि भारत के लिए यह मैच काफी अहम है।

भारत पांच मैचों की इस सीरीज में 1-2 से पीछे है और उसे सीरीज में बने रहने के लिए चौथा टेस्ट जीतना जरूरी है। ऐसे में बुमराह का इस टेस्ट मैच में खेलना काफी महत्वपूर्ण है। सिराज ने बोला, ‘जितना पता है बुमराह भाई तो खेलेंगे।’

मैच के लिए टीम संयोजन के बारे में पूछे जाने पर सिराज ने चुप्पी साधे रखी और कहा कि जो भी लाइनअप चुना जाएगा वह टीम के सर्वोत्तम हित में होगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे संयोजन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। जो भी चुना जाएगा, वह टीम के लिए सबसे अच्छा होगा।’

बुमराह ने अब तक खेले दो मैचों में 12 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार उन्होंने पारी में पांच विकेट भी लिए हैं। भारत सीरीज में वापसी के लिए बेताब होगी। भारत के लिए हालांकि, मैनचेस्टर की चुनौती आसान नहीं रहने वाली है।

भारत ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में कुल नौ टेस्ट खेले हैं। इसमें से चार टेस्ट इंग्लैंड जीतने में कामयाब रहा है, जबकि पांच टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। टीम इंडिया के पास हार और ड्रॉ के इस सिलसिले को तोड़ने का बेहतरीन मौका है और एक जीत सीरीज को दिलचस्प बना देगी।