Trending

गिल को पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी की सलाह: कोहली की नकल छोड़ो, अपनी पहचान बनाओ

पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने शुभमन गिल से विराट कोहली की नकल करने की कोशिश रोकने की अपील की है। साथ ही उन्हें विपक्षी क्रिकेटरों के खिलाफ आपत्तिजनक और आक्रामक भाषा से बचने की सलाह दी है। तिवारी ने कहा कि गिल को पिछले कप्तानों द्वारा शुरू किए गए खराब ट्रेंड को फॉलो नहीं करना चाहिए।

साभार : गूगल

पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि गिल ने ‘पिछले कप्तानों’ द्वारा शुरू किए गए ट्रेंड को अपनाकर टीम का बुरा नेतृत्व किया जिसकी वजह से उनकी बैटिंग और फील्ड में उनकी टीम के मौकों को धक्का लगा। शुभमन गिल को रोहित शर्मा के अचानक टेस्ट संन्यास के बाद भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी का मौका मिला।

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के जरिए उन्होंने अपनी कप्तानी का आगाज किया है और अब तक हुए तीन मैचों में सिर्फ लॉर्ड्स टेस्ट को छोड़कर हर मैच में उनके बल्ले ने विपक्षियों में खलबली मचा दी थी। लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान उनकी इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्रॉली और बेन डकेट के साथ मैदान पर तीखी बहस हुई थी। वह अंग्रेज बल्लेबाजों द्वारा जानबूझकर समय खराब करने की कोशिशों से झल्लाए हुए थे। उन पर कुछ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के भी आरोप लगे थे।

लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में गिल कुछ खास नहीं कर पाए जबकि उससे पहले के दोनों टेस्ट में उन्होंने एक दोहरा शतक समेत 3 शतक जड़े थे। संजय मांजरेकर जैसे खिलाड़ियों ने लॉर्ड्स में बैटिंग के दौरान गिल का लय बिगड़ने के लिए मैदान पर उनकी अंग्रेज खिलाड़ियों के साथ हुई तीखी बहसों को जिम्मेदार बताया था।

मनोज तिवारी ने कहा, ‘कप्तान गिल जिस तरह से चीजों को कर रहे हैं, वो मुझे पसंद नहीं है। मुझे लगता है कि वह उस चीज की नकल करने की कोशिश कर रहे हैं जो पिछली बार विराट ने किया था।

और नतीजा देखिए, ये उनकी बैटिंग में मददगार नहीं है। वह जब आईपीएल में कप्तान बने थे, तब से मैं नोटिस कर रहा हूं कि वह आक्रामक हो जाते हैं और अंपायरों से भी उलझ जाते हैं। यह गिल के स्वभाव के विपरीत है। उन्हें इस तरह की आक्रामकता दिखाने की कोई जरूरत नहीं है और न ही उन्हें कुछ साबित करने की जरूरत है।’