मैनचेस्टर टेस्ट : पंत करेंगे, विकेटकीपिंग, कप्तान गिल ने दिया अपडेट
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट में ऋषभ पंत के विकेटकीपर के तौर पर खेलने की मंगलवार को पुष्टि करते हुए बोला कि तेज गेंदबाज आकाशदीप इस अहम मैच से बाहर रहेंगे।

पंत से जुड़ी खबर भारत के लिए एक बड़ी राहत है क्योंकि आकाशदीप के अलावा हरफनमौला नीतीश रेड्डी और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के चोटिल होने से टीम पहले से ही परेशानी में है।
रेड्डी सीरीज से बाहर हो गए हैं जबकि आकाशदीप और अर्शदीप ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में नहीं खेलेंगे। पंत को लॉर्ड्स में इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान चोट उंगली में चोट लग गई थी, जिससे वह मैच के ज्यादातर हिस्से में विकेटकीपिंग नहीं कर पाए थे। पंत ने सोमवार को भारत के दो घंटे से अधिक समय तक चले अभ्यास सत्र में भाग लिया था।
गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘ऋषभ पंत मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में विकेटकीपिंग करेंगे।’’ चोट के चलते पंत ने तीसरे टेस्ट में 35 ओवर के लिए विकेटकीपर की भूमिका निभाई थी, बाकी मैच में ध्रुव जुरेल ने यह जिम्मेदारी संभाली थी। जुरेल का विकेट के पीछे प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।
उन्होंने 25 बाई रन दिए थे जबकि इंग्लैंड ने इस टेस्ट मैच को 22 रन से जीता था। अर्शदीप और आकाशदीप की चोटों के कारण भारत को नए तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को टीम में शामिल करना पड़ा है। गिल ने हरियाणा के इस खिलाड़ी की तारीफ करते हुए बोला, ‘‘हमने उसका कौशल देखा है। हमें विश्वास है कि वह हमारे लिए मैच विजेता साबित हो सकता है।
कंबोज कल अपना डेब्यू करने के करीब है। प्लेइंग इलेवन में उसे मौका मिलेगा या प्रसिद्ध कृष्णा को इसका पता आपको कल चल जाएगा।’’ भारतीय कप्तान ने सीरीज के अहम चरण में खिलाड़ियों के चोटिल होने पर कहा, ‘‘खिलाड़ी जब चोटिल होते हैं तो यह कभी आसान नहीं होता है।
नीतीश पूरी सीरीज से बाहर है और आकाश इस मैच के लिए अनुपलब्ध हैं। हमारे पास 20 विकेट लेने के लिए पर्याप्त अच्छे खिलाड़ी हैं।’’ इस सीरीज में सधी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे करुण नायर का बचाव करते हुए गिल ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
उन्हें शुरुआती मैच में अपने पसंदीदा क्रम पर बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। उनकी बल्लेबाजी में कोई समस्या नहीं है। एक बार जब आप 50 रन तक पहुंचने में सक्षम हो जाते हैं और सही लय में आ जाते हैं तो बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं।’’ नायर ने अब तक पहले तीन टेस्ट मैचों में 0, 20, 31, 26, 40 और 14 रन की पारियां खेली हैं। इंग्लैंड पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है।