Trending

क्रांति गौड़ को हरमनप्रीत का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड: एक अनोखा सम्मान

इंग्लैंड के खिलाफ शतक मारने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की हर कोई तारीफ कर रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में शतक जड़कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इसके लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, इस मैच में उतनी ही बड़ी मैच विनर और प्लेयर ऑफ द मैच की हकदार गेंदबाज क्रांति गौड थीं, जिन्होंने अपने चौथे मैच में 6 विकेट लेकर इतिहास रचा और टीम को जीत दिलाई।

क्रांति गौड ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच में 52 रन देकर 6 विकेट निकाले। इस कमाल की गेंदबाजी को कमेंटेटर्स और प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड डिसाइड करने वाली जूरी ने नजरअंदाज कर दिया हो, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी साथी को स्पेशल फील कराया।

हरमनप्रीत ने ना सिर्फ क्रांति गौड की तारीफ की, बल्कि उनको अपना प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दे दिया। इसके अलावा जिस गेंद से उन्होंने 6 विकेट निकाले, उस गेंद को भी साइन करके उनको सौंप दिया। बीसीसीआई वुमेन के एक्स हैंडल पर शेयर वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी खिलाड़ी की कैसे सराहना की।

हरमन अपनी ट्रॉफी लेकर क्रांति के पास पहुंचती हैं और कहती हैं, “ये मैं तेरे साथ शेयर कर रही हूं, ठीक है?” कप्तान आगे कहती हैं, “उन्होंने अपने करियर का एक बेहतरीन स्पेल डाला और 6 विकेट निकाले।

आप जो अनुभवी डब्ल्यूपीएल और डोमेस्टिक क्रिकेट से यहां लेकर आई हो, उसके लिए तारीफ बनती है। ये आपके लिए और टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है।”

भारत ने इस मैच को 13 रनों के अंतर से जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की और पहली बार इंग्लैंड की सरजमीं पर टीम इंडिया ने टी20 के साथ-साथ वनडे सीरीज भी जीती है। ये एक बड़ी उपलब्धि टीम के लिए है। इसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर का अहम योगदान था, जो प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुनी गईं।