बारिश के साये में मैनचेस्टर टेस्ट : टीम इंडिया पर दबाव
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया को सीरीज जीत की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मैनचेस्टर टेस्ट में हर हाल में जीत की दरकार है। चौथे टेस्ट में बारिश का साया मंडरा रहा है। पहले दिन का पूरा खेल ही बारिश की भेंट चढ़ सकता है।

इसी तरह गुरुवार को मैच के दूसरे दिन भी बारिश की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को मैनचेस्टर में बारिश के 19 प्रतिशत चांस हैं। लेकिन दिन चढ़ने के साथ बारिश की संभावना और ज्यादा होगी। दोपहर में तो उसके 65 प्रतिशत आसार हैं। बुधवार को दिनभर में 1.2 मिलीमीटर बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
हालांकि, शाम में बारिश की संभावना 47 प्रतिशत है और उस वक्त 0.5 एमएम बारिश हो सकती है। गुरुवार को तो बारिश की संभावना 84 प्रतिशत है। हालांकि, टेस्ट के तीसरे, चौथे और पांचवें दिन मौसम की वजह से खेल प्रभावित होने की आशंका कम है। इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैच की श्रृंखला में अब तक 3 मुकाबले हो चुके हैं। लीड्स के हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत ने 336 रन के विशाल अंतर से जीत हासिल की थी। पहली बार भारत ने एजबेस्टन में कोई टेस्ट मैच जीतने का कारनामा किया।
हालांकि, लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारत को 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया के लिए मैनचेस्टर टेस्ट एक मस्ट विन मैच है।
अगर भारत इसमें हारता है तो उसे सीरीज से भी हाथ धोना पड़ेगा। भारतीय टीम की कोशिश इस मैच को जीतकर श्रृंखला में 2-2 से बराबरी करने की होगी ताकि ओवल में आखिरी टेस्ट जीतकर एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी अपने नाम कर सके।