Trending

शुभमन गिल का अटूट विश्वास : नायर को मिला एक और अवसर

इंग्लैंड दौरे से करुण नायर की 8 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी हुई। अब जब इंग्लैंड दौरे पर उन्हें वो बहुप्रतीक्षित ‘दूसरा मौका’ मिला तो वह उसे भुनाने में नाकाम दिख रहे हैं। 3 साल पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए क्रिकेट से एक और मौका देने की गुहार लगाई थी।

साभार : गूगल

सीरीज के शुरुआती तीनों मैच में वह अपनी छाप नहीं छोड़ पाए। अच्छी शुरुआत करने के बावजूद उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। अब तो उनके पास वैसे भी चूकने का वक्त नहीं है क्योंकि एक बार फिर करियर दांव पर है। पहले टेस्ट के बाद कयास लग रहे थे कि दूसरे टेस्ट में शायद उन्हें मौका न मिले।

Credits : Karun Nair X

दूसरे में भी मौका मिला। फिर तीसरे टेस्ट के लिए सवाल उठा। तीसरे में भी मौका मिला। अब चौथे मैच में भी उन्हें मौका मिलेगा क्योंकि कप्तान शुभमन गिल को अब भी उन पर यकीन है। नायर ने मौजूदा सीरीज में अब तक 3 टेस्ट की 6 पारियों में 21.83 की औसत से 131 रन बनाए हैं।

गिल ने चौथे टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में नायर का मजबूती से समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘हां, हमने उससे बात की है लेकिन हम समझते हैं कि वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं…इस तरह की सीरीज में कोई खिलाड़ी कमबैक करता है तो वह कठिन होता है। लेकिन हम नहीं समझते कि उनकी बैटिंग के साथ कोई मसला है। वह अच्छी बैटिंग कर रहे हैं।

कभी-कभी आपको क्लिक मिलने की जरूरत होती है। एक बार जब आप अपना अर्धशतक बना लेते हैं तब आप अपने जोन में चले जाते हैं और बड़े स्कोर खड़े करते हैं। दुर्भाग्य से अब तक उनके साथ ऐसा नहीं हुआ है लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि यह चीज बदलेगी।’

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी नायर को चौथे टेस्ट में खिलाए जाने की वकालत की है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘तीसरे नंबर को लेकर सवाल होंगे कि क्या करुण नायर को एक और मौका दिया जाना चाहिए। करुण नायर पूरी तरह बिना लय के नहीं दिखे।

हालांकि, उन्होंने पर्याप्त रन नहीं बनाए जिससे आप कह सकें कि उनका चयन निश्चित है। इसके बाद भी मैं उन्हें एक और मैच में 3 नंबर पर खिलाना चाहूंगा क्योंकि इसके बाद शायद उसे यह मौका फिर न मिले।’ चौथे टेस्ट में भारत साई सुदर्शन और करुण नायर दोनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकता है।