Trending

लॉर्ड्स में जडेजा की जुझारू पारी पर बोले रवि शास्त्री, ‘जोखिम उठाने से चूके’, क्या चौथे टेस्ट में बदलेगी रणनीति?

भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट बुधवार से मैनचेस्टर में शुरू हो रहा है। 5 टेस्ट मैच की सीरीज में भारत 1-2 से पीछे है।

साभार : गूगल

लॉर्ड्स में पिछले मैच में भारत 22 रन से हार गया था। उसमें रविंद्र जडेजा एक छोर संभालकर अंत तक डटे रहे लेकिन मोहम्मद सिराज के दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से आउट होने से भारत को जिता नहीं पाए। सिराज के बैट से टकराने के बाद गेंद जमीन पर लगी और फिर घूमते हुए स्टंप से टकरा गई थी।

जडेजा की साहसिक पारी की काफी तारीफ हुई लेकिन भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री उनकी पारी से संतुष्ट नहीं हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का उदाहरण देते हुए शास्त्री ने कहा है कि अगर रविंद्र जडेजा को खुद की बल्लेबाजी पर ज्यादा भरोसा होता तो वह भारत के लिए कहीं और भी बड़े मैच-विनर होते।

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में जडेजा ने 181 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। एक समय भारत के 8 विकेट 112 रन पर गिर गए थे लेकिन जडेजा ने जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर भारत की पारी में 172 रन तक पहुंचाया और भारत ऐतिहासिक जीत से 22 रन से चूक गया।

बुमराह ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ 35, बुमराह के साथ 30 और सिराज के साथ 23 रन की साझेदारी की। वह बुमराह और सिराज को ओवर के आखिरी दो गेंद खेलने को दे रहे थे। एक समय तो लगने लगा था कि भारत जीत भी सकता है। रवि शास्त्री का बोलना है कि शोएब बशीर और जो रूट जब गेंदबाजी कर रहे थे तब फील्डिंग फैली हुई थी, लिहाजा जडेजा को उनके ओवर में जोखिम लेना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि भारत ने रनों के अंतर को 40 के करीब लाने में काफी समय लगा दिया। बेन स्टोक्स का उदाहरण देते हुए शास्त्री ने कहा, ‘अगर जडेजा के पास स्टोक्स के विश्वास का 40 प्रतिशत भी होता तो वह और ज्यादा मैच जिताते क्योंकि उनके टैलेंट को लेकर तो रत्ती भर भी शक नहीं है। बस उन्हें जरूरत के हिसाब से गियर बदलना है।

अगर उन्हें भरोसा है कि वह गियर बदल सकते हैं तो इसे कर सकते हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तीन तिहरे शतक लगाए हैं। उन्हें अपनी बैटिंग क्षमता को महसूस करने में जमाने लगे।’

लॉर्ड्स टेस्ट में अगर भारत जीत गया होता तो जडेजा की पारी की तुलना इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की 6 साल पहले एशेज सीरीज में खेली ऐतिहासिक पारी से होती।

ऐसी पारी जो पीढ़ियों में कभी-कभार दिखती है। 2019 की एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हेडिंग्ले में स्टोक्स ने अकेले इंग्लैंड को जीत तक पहुंचाया। उन्होंने आखिर के 3 विकेटों के साथ मिलकर स्कोरबोर्ड में 101 रन जोड़े। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के जबड़े से जीत को छीन लिया था और 135 रन की नाबाद पारी खेली थी।