चाइना ओपन : सिंधु ने मियाज़ाकी को हराया, सात्विक-चिराग की भी जीत
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व विजेता पीवी सिंधु ने बुधवार को जापान की छठी वरीयता प्राप्त तोमोका मियाजाकी को 21-15, 8-21, 21-17 से हराकर चाइना ओपन के अंतिम 16 में जगह बनाई। सिंधु ने शानदार शुरुआत की और सात अंक लेकर पहले गेम में 13-5 की बढ़त बनाई और आसानी से यह गेम जीता।

दूसरे गेम में मियाज़ाकी ने शानदार वापसी की और नौ अंक लेकर 12-8 की बढ़त बनाई। जापान की खिलाड़ी ने यह गेम जीत कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
सिंधु ने तीसरे और निर्णायक गेम में शुरू से अच्छा प्रदर्शन किया और लगातार बढ़त बनाए रखकर 62 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में जीती। विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज सिंधु का सामना दूसरी बार मियाजाकी से हो रहा था। पिछले साल स्विस ओपन में वह जापानी खिलाड़ी से हारी थीं।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की विश्व की 15वें नंबर की पुरुष युगल जोड़ी ने जापान के केन्या मित्सुहाशी और हिरोकी ओकामुरा को 31 मिनट में 21-13, 21-9 से हराकर दमदार शुरुआत की। रुतपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा की महिला युगल जोड़ी हांगकांग की नगा टिंग येउंग येउंग और पुई लाम येउंग से 31 मिनट में 12-21, 13-21 से हार गईं।