Trending

चाइना ओपन : सात्विक-चिराग क्वार्टर फाइनल में, सिंधु-हुड्डा आमने-सामने

चाइना ओपन में स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और बगास मौलाना को सीधे गेम में हराकर पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.

साभार : गूगल

इस भारतीय जोड़ी ने अपने धैर्य का अच्छा नमूना पेश करते हुए एक कड़े मैच में आठवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई जोड़ी पर 21-19, 21-19 से जीत दर्ज की. एचएस प्रणय 65 मिनट तक चले पुरुष एकल के दूसरे दौर के मैच में चीनी ताइपे के छठे वरीय चोऊ तिएन चेन से 21-18, 15-21, 8-21 से हारकर बाहर हो गए.

सात्विक और चिराग को जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी क्योंकि दोनों गेम में पलड़ा इधर से उधर झुकता रहा. पहले गेम में इंडोनेशियाई जोड़ी ने पहले 8-6 और बाद में 14-12 की मामूली बढ़त बनाई थी, भारतीय जोड़ी ने 14-16 के स्कोर के बाद पांच अंक जीतकर 19-16 से बढ़त बनाई और फिर पहला गेम जीता. दूसरे गेम में यही स्थिति रही.

एक समय लियो और बगास 14-10 की बढ़त बनाए हुए थे. लेकिन भारतीय जोड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 से बराबर कर दिया और आखिरी क्षणों में भी संयम बनाए रखते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की. महिला सिंगल के क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु गुरुवार को हमवतन प्रतिभाशाली उन्नति हुड्डा से भिड़ेंगी.

सिंधु ने जापानी शटलर तोमोका मियाज़ाकी पर 21-15, 8-21, 21-17 से जीत हासिल कर अंतिम 8 में प्रवेश किया, जो इस वर्ष शीर्ष 10 रैंक वाली प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उनकी पहली जीत है. उन्नति हुड्डा ने स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर को सीधे गेमों में 21-11, 21-16 से हराया, जिससे उन्हें हमवतन पीवी. सिंधु के खिलाफ मुकाबले में जगह मिली.