Trending

कोनेरू हम्पी ने रचा इतिहास, दिव्या देशमुख से खिताबी टक्कर

फिडे महिला विश्व कप सेमीफाइनल में ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने चीन की टिंगजी लेई को टाईब्रेकर में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए हराया और फाइनल में उनकी टक्कर हमवतन भारतीय दिव्या देशमुख से होगी।

साभार : गूगल

शनिवार से खेले जाने वाले फाइनल में जगह बनाने वाली हम्पी और दिव्या दोनों ने अगले साल होने वाले महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। सामान्य समय नियंत्रण में पहली दो बाजी ड्रॉ होने के बाद हम्पी को टाईब्रेकर में 1-1 से ड्रॉ के साथ संतोष करना पड़ा जिसमें दोनों प्लेयर्स के लिए 15-15 मिनट की दो बाजी अतिरिक्त समय के साथ थी।

अगली दो टाईब्रेक बाजी 10-10 मिनट की थी। लेई ने पहली बाजी जीतकर बढ़त बनाई लेकिन हम्पी ने मुश्किल स्थिति में होने के बावजूद दूसरी बाजी जीतकर मैच फिर बराबर कर दिया।

टाईब्रेक बाजी के तीसरे सेट में हम्पी ने पहली बाजी में सफेद मोहरों से शुरुआत की और खेल के सभी विभागों में लेई को परास्त करते हुए इसे जीता। पहली बाजी जीतने के बाद फाइनल में पहुंचने के लिए हम्पी को बस एक ड्रॉ की जरूरत थी और उन्होंने जीत के साथ खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को हम्पी को फिडे महिला शतरंज विश्व कप फाइनल में पहुंचने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका दृढ़ संकल्प और प्रतिभा सराहनीय है।

नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी को फिडे महिला शतरंज विश्व कप फाइनल में पहुंचने के लिए बधाई।’ मुख्यमंत्री ने उन्हें फाइनल के लिए भी शुभकामनाएं दीं।