Trending

चाइना ओपन : उन्नति हुड्डा का अभियान समाप्त, क्वार्टर फाइनल में यामागुची से हारीं

भारत की उभरती बैडमिंटन स्टार उन्नति हुड्डा का चाइना ओपन में शानदार सफर शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में जापान की विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची से सीधे गेम में हार के साथ समाप्त हो गया।

साभार : गूगल

पिछले दौर में अपनी आदर्श खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को हराने वाली 17 वर्षीय हुड्डा क्वार्टर फाइनल में जापान की खिलाड़ी से 33 मिनट तक चले मैच में 16-21, 12-21 से हार गईं। हुड्डा के बाहर होने के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का एकल में अभियान समाप्त हो गया।

पहले गेम में हूडा ने यामागुची को बराबर की टक्कर दी लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई और जापान की खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक बनाकर यह गेम जीता। इस गेम में हुड्डा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लगातार तीन अंक लेना था। दूसरे गेम में भी यही कहानी दोहराई गई।

भारतीय खिलाड़ी ने बीच में थोड़ी देर के लिए चुनौती पेश की और लगातार चार अंक हासिल किए लेकिन यामागुची ने लगातार छह अंक बनाकर दूसरा गेम 21-12 से अपने नाम करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत की उम्मीद अब सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी पर टिकी है जो क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के यू सिन ओंग और ई यी तेओ का सामना करेगी।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चाइना ओपन के पुरुष युगल सेमीफाइनल में मलेशिया के येव सिन ओंग और ई यी तियो की जोड़ी पर आसान जीत दर्ज की। चीन के चांगझोऊ में ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर जिम्नेजियम में खेलते हुए, सात्विक और चिराग ने 21-18, 21-14 से जीती और 2025 बैडमिंटन सत्र के अपने चौथे सेमीफाइनल में जगह बनाई।

यह भारतीय जोड़ी इससे पहले भारत, सिंगापुर और मलेशिया ओपन में अंतिम चार में पहुंचे थे। सात्विक और चिराग ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की, पहले गेम में 4-1 की बढ़त बनाई। हालांकि मलेशियाई जोड़ी ने स्कोर को 19-18 तक लाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय बैडमिंटन जोड़ी ने हौसला बनाए रखा और गेम जीता।

दूसरे गेम में, वर्ल्ड रैंकिंग में सातवें नंबर की भारतीय जोड़ी ने 15-14 से आगे बढ़ते हुए लगातार छह प्वाइंट हासिल किए और 40 मिनट में मैच जीता। चिराग और सात्विक का अगला मुकाबला मलेशिया के विश्व नंबर 2 आरोन चिया और सोह वूई यिक से होगा। मलेशियाई बैडमिंटन खिलाड़ियों ने पेरिस 2024 ओलंपिक के क्वार्टरफाइनल में भारतीय जोड़ी को हराया था।