Trending

मैनचेस्टर में चमके रूट : टेस्ट शतकों की रेस में चौथे स्थान पर पहुंचे

भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जो रूट का बल्ला धमाल दिखा रहा है। सीरीज का दूसरा शतक जो रूट के बल्ले से आया है और इसी के साथ उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। जो रूट टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।

@ICC

जो रूट ने मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में कमाल की बल्लेबाजी की और 38वीं बार टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ा। लॉर्ड्स टेस्ट में भी शतकीय पारी जो रूट ने भारत के खिलाफ खेली थी। टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 51 शतक इस फॉर्मेट में जड़े हैं। दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस हैं, जिन्होंने 45 शतक टेस्ट क्रिकेट में ठोके हैं।

लिस्ट में तीसरा नाम ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का है, जिन्होंने 41 बार टेस्ट क्रिकेट में तीन अंकों वाला जादुई स्कोर हासिल किया है। कुमार संगकारा ने 38 बार टेस्ट मैचों में शतक जड़ा है और अब जो रूट ने श्रीलंका के इस दिग्गज की बराबरी कर ली है। दाएं हाथ के बल्लेबाज जो रूट ने 178 गेंदों में 12 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया, जो टेस्ट क्रिकेट में उनका 38वां शतक था।

शतक तक उनका स्ट्राइक रेट 57.87 का था। इंग्लैंड के लिए वे पहले ही सबसे ज्यादा टेस्ट शतक, सबसे ज्यादा टेस्ट रन और सबसे ज्यादा टेस्ट अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। जो रूट का ये भारत के खिलाफ 12वां टेस्ट शतक है।

इतने शतक भारत के खिलाफ अन्य किसी बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में नहीं जड़े हैं। 11 शतकों के साथ अब तक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ शीर्ष पर थे। जो रूट मौजूदा सीरीज में 450 रनों का निजी आंकड़ा पार कर चुके हैं।