Trending

आंकड़े बोल रहे हैं : बुमराह की रफ्तार में चौंकाने वाली गिरावट

इंग्लैंड दौरे से पहले जसप्रीत बुमराह को लेकर सब कुछ स्पष्ट था कि वे पांच में से तीन मैच खेलेंगे। संभावना इस बात की थी कि वे पहले, तीसरे और पांचवें टेस्ट मैच में खेलेंगे। तीसरे मैच तक यही रहा।

साभार : गूगल

पहले मैच के बाद दूसरे मैच में उन्होंने रेस्ट किया और फिर तीसरे मैच में वे खेले, लेकिन मजबूरी में उनको तीसरे के बाद चौथा मैच भी खेलना पड़ा।

लगातार दूसरा मैच खेलना पड़ा, ये चिंता का कारण नहीं, बल्कि परेशानी की बात ये है कि जसप्रीत बुमराह मैनचेस्टर में जारी चौथे टेस्ट में सिर्फ गेंदबाजी के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं। वे फास्ट एंड फ्यूरियस से स्लो एंड सीरियस हो गए हैं। ये हम नहीं कह रहे, बल्कि आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं।

एक क्रिकेट साइट पर कुछ आंकड़े शेयर किए गए हैं, जो वाकई में चौंकाने वाले हैं। जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में पहला टेस्ट खेला था, जिसमें उन्होंने कुल 266 गेंदें फेंकीं। इनमें से 106 बार उनकी गेंद की स्पीड 140 kmph या इससे ज्यादा की रही।

करीब 40 फीसदी गेंदबाजी उन्होंने 140 या इससे ज्यादा किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से की। पहले मैच की पहली पारी में 5 विकेट उनको मिले, लेकिन दूसरी पारी में खाली हाथ रहे। दूसरे मैच में उनकी रफ्तार में कमी आई।

लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम में खेले गए तीसरे मैच में उन्होंने कुल 257 गेंदें फेंकी, जिनमें से सिर्फ 69 बार ही उनकी गेंद की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे ज्यादा की थी।

पहले मैच में जो 140kmph की स्पीड का प्रतिशत 40 के करीब था, वह घटकर 27 के करीब का रह गया। इस मैच में उन्होंने पहली पारी में पांच विकेट और दूसरी पारी में 2 विकेट निकाले, लेकिन उनके तीसरे मैच के अब तक के आंकड़े बहुत ही निराशाजनक हैं।

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे सीरीज के चौथे और जसप्रीत बुमराह के दौरे पर तीसरे मैच के आंकड़े हैरान करने वाले हैं।

जसप्रीत बुमराह ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक कुल 173 गेंदें फेंकी हैं, जिनमें नो बॉल भी हैं, लेकिन आप जानकर चौंक जाएंगे कि महज एक ही गेंद इस मैच में अब तक उनकी 140 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे ज्यादा की रफ्तार की रही है, जो आधे फीसदी के करीब है। इससे लगता है कि वे अपने वर्कलोड को लेकर सीरियस हैं।