Trending

कपिल सलोनिया: एकल और युगल दोनों फाइनल में, डबल धमाका तय

लखनऊ। गोरखपुर के हुसैन अंसारी और लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के कपिल सलोनिया ने योनेक्स-सनराइज यूपी राज्य जूनियर मेजर बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालक एकल के फाइनल में प्रवेश किया।

बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में आयोजित प्रतियोगिता में बालिका एकल के खिताबी मुकाबले में आगरा की शीर्ष वरीय दिव्यांशी गौतम और मुरादाबाद की तरनजीत कौर आमने-सामने होंगी।

बालिका एकल के पहले सेमीफाइनल में दिव्यांशी गौतम ने मथुरा की आशे सिंह को 21-15, 21-17 से हराया जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मुरादाबाद की तरनजीत कौर ने हापुड़ की रिद्धि भारद्वाज को 21-6, 21-11 से शिकस्त दी।

बालक एकल के सेमीफाइनल में गोरखपुर के हुसैन अंसारी ने हापड़ के मो.आमर अफजल को सीधे सेटों में 21-14, 21-10 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के कपिल सलोनिया ने मुरादाबाद के आर्यन भट्ट को 21-19, 21-16 से शिकस्त दी।

युगल मुकाबलों के सेमीफाइनल में बालक वर्ग में गोरखपुर के अभिषेक कुशवाहा व लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज के कपिल सलोनिया ने मुजफ्फरनगर के हर्षित चौधरी व मेरठ के युवराज सिवाच को 21-18, 16-21, 21-16 हराया।

वहीं मुरादाबाद के देवांग तोमर व झांसी के संरेख चौरसिया ने मुरादाबाद के आर्यन भट्ट व ललितपुर के देवेन्द्र सिंह ठाकुर (ललितपुर) को 21-18, 21-10 से मात दी।

बालिका युगल में गोरखपुर की आदित्या यादव व मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह ने कानपुर की अदित्री कटियार व अंशिका गुप्ता को एकतरफा 21-6, 21-6 से पराजित किया। गाजियाबाद की किराट चौधरी व रूद्राक्षी राणा ने आगरा की कनिष्का व सृष्टि राणा को 21-7, 21-14 से हराया।