पॉवेल ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, बने विंडीज के दूसरे सबसे बड़े टी-20 रन-स्कोरर
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल ने चौथे टी-20 में 22 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेल क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह अब वेस्टइंडीज के लिए क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में क्रिस गेल को पछाड़ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

पॉवेल ने अपने टी-20 करियर में 99 मैच खेले हैं जिसमें 25.66 की औसत के साथ उन्होंने 1925 रन बनाए हैं। वहीं क्रिस गेल ने अपने टी-20 करियर में खेले 79 मैचों में 1899 रन बनाए थे। गेल अब लिस्ट में तीसरे पायदान पर खिसक गए हैं।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान निकोलस पूरन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की इस लिस्ट में 2275 रनों के साथ पहले पायदान पर हैं। पूरन वेस्टइंडीज के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने 100 से अधिक टी-20 मैच खेले हैं। वह वेस्टइंडीज के लिए इस फॉर्मेट में 2000 से अधिक रन बनाने वाले भी एकमात्र बल्लेबाज हैं।
उन्होंने यह रन 106 मैचों में 26.14 की औसत के साथ बनाए हैं। वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टी-20 सेंट किट्स में खेला गया। जहां मेजबानों को कंगारुओं के हाथों 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
5 मैच की इस सीरीज में यह वेस्टइंडीज की लगातार चौथी हार है। सीरीज में पहले ही अजेय बढ़त बना चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम की नजरें अब पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच जीतकर वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ करने पर होगी।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज 20 ओवर में 9 विकेट पर 205 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही। हालांकि उनके गेंदबाज इसे डिफेंड नहीं कर पाए। जोश इंग्लिस और कैमरून ग्रीन के अर्धशतकों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इस स्कोर को 3 विकेट और 4 गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने वाले खिलाड़ी
निकोलस पूरन- 2275
रोवमैन पॉवेल- 1925
क्रिस गेल- 1899
एविन लुईस- 1782
ब्रेडन किंग- 1648