Trending

गिल व राहुल ने रचा इतिहास : विदेशी धरती पर 500+ रन बनाने वाली दूसरे भारतीय जोड़ी

भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में टेस्ट सीरीज का चौथा मैच जारी है, जिसमें एक अनूठा कारनामा दोहराया गया। टेस्ट इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ, जब विदेशी धरती पर एक ही टेस्ट सीरीज में दो भारतीय बल्लेबाजों ने 500+ रन बनाए।

साभार : गूगल

इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ने चार मुकाबलों की आठ पारियों में 99.57 की औसत के साथ 697 रन बनाए हैं। केएल राहुल चार मुकाबलों की आठ पारियों में 72.57 की औसत के साथ 508 रन जोड़ चुके हैं। यह दोनों ही बल्लेबाज चौथे दिन की समाप्ति तक नाबाद थे।

पहली बार यह कारनामा भारतीय बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज की सरजमीं पर 1970-71 में खेली गई टेस्ट सीरीज में किया था। सुनील गावस्कर ने उस सीरीज में 774 रन बनाए थे, जबकि दिलीप सरदेसाई ने 642 रन जोड़े। मैनचेस्टर में टेस्ट मुकाबले की बात करें, तो टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 358 रन बना सकी।

यशस्वी जायसवाल ने 58, जबकि साई सुदर्शन ने 61 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 54 रन की जुझारू पारी खेली। मेजबान टीम से बेन स्टोक्स ने सर्वाधिक पांच शिकार किए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट चटकाए।

जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 669 रन बनाते हुए 311 रन की बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए जो रूट ने 150, जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने 141 रन जोड़े। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा सर्वाधिक चार शिकार करने वाले गेंदबाज रहे। चौथे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट खोकर 174 रन बना लिए हैं।

भारत 137 रन से पीछे है। मेहमान टीम पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन का विकेट गंवा चुकी थी। उस समय तक टीम इंडिया का खाता तक नहीं खुला था। यहां से केएल राहुल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 174 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को संभाल लिया। केएल राहुल 87, जबकि गिल 78 रन बना चुके हैं।