Trending

चौथे टेस्ट में भारत ने दिखाया जुझारूपन, इंग्लैंड से खेला ड्रॉ

भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट ड्रॉ हो गया है। इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में 1-2 से आगे है। चौथे टेस्ट में रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने दमदार बल्लेबाजी की है और शतक लगाए हैं। जडेजा और सुंदर के चलते टीम इंडिया टेस्ट ड्रॉ करवाने में सफल हो पाई है। सीरीज का अंतिम टेस्ट ओवल में 31 जुलाई से खेला जाएगा।

@BCCI

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने पहली पारी में 669 रन बनाए थे और 311 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने गजब का जज्बा दिखाया। टीम इंडिया की शुरुआत दूसरी पारी में बहुत ही खराब रही, जब यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

ऐसे में लगा कि टीम इंडिया ये मैच हार सकती है, लेकिन फिर केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर टिक गए। इन दोनों ने मिलकर 188 रनों की साझेदारी की। राहुल 90 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने 103 रनों की पारी खेली। इन दोनों के आउट होने के बाद रन बनाने की जिम्मेदारी रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने संभाली।

जडेजा 101 रन और सुंदर 107 रन बनाकर नॉटआउट रहे। रवींद्र जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में अच्छी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और दमदार बल्लेबाजी से शतक लगा दिया। उनके टेस्ट करियर का ये कुल 5वां शतक है। इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए जडेजा दो शतक जड़ने वाले पहले भारतीय हैं।

पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन उसे बड़ी पारियों में बदलने में विफल रहे। भारत के लिए साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल (58 रन) और ऋषभ पंत (54 रन) ने भी अर्धशतक लगाए। शार्दुल ठाकुर ने 41 रनों का योगदान दिया।

इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम 358 रनों के स्कोर तक पहुंच पाई। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा पांच विकेट अपने नाम किए। जोफ्रा ऑर्चर के खाते में तीन विकेट गए।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम के ओपनर्स जैक क्राली (84 रन) और बेन डकेट (94 रन) ने पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रख दी।

जो रूट और बेन स्टोक्स ने शानदार बल्लेबाजी से इंग्लैंड को ड्राइविंग सीट पर पहुंचाया। दोनों ही बल्लेबाजों ने शतक लगाए। रूट ने 150 रन और स्टोक्स ने 141 रनों की पारी खेली। अंत में ब्रायडन कार्से ने 47 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही इंग्लैंड 669 रन बना पाई।