क्रिकेट को नहीं रोक सकते, आतंक को रोकना होगा: सौरव गांगुली
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि उन्हें आगामी एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के एक ही ग्रुप में होने से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकवाद खत्म होना चाहिए, लेकिन खेल जारी रहना चाहिए।

एशिया कप के कार्यक्रम के मुताबिक चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है और वे 14 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। गांगुली ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘मैं इसके कार्यक्रम से सहमत हूं। खेल जारी रहना चाहिए।
पहलगाम में जो हुआ वह कभी नहीं होना चाहिए, लेकिन हम उसे खेल को रोकने नहीं दे सकते। आतंकवाद खत्म होना चाहिए। भारत ने इसके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है, अब यह अतीत की बात है। खेल जारी रहना चाहिए।’’ भारत एशिया कप में अपने सफ़र का आगाज 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा।
उम्मीद है कि वह अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान 21 सितंबर को सुपर फोर चरण में फिर से भिड़ सकते हैं। भारत के ग्रुप ए में पाकिस्तान, यूएई और ओमान शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग हैं।
एशियाई क्रिकेट परिषद 19 मैचों के इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीमों को अनुमति देगी, जिसमें मैच दुबई और अबू धाबी में खेले जायेंगे।
बीसीसीआई एशिया कप के इस सत्र का आधिकारिक मेजबान है लेकिन इसका आयोजन यूएई में हो रहा है क्योंकि भारत और पाकिस्तान दोनों देशों की सीमा पर तनाव के कारण 2027 तक केवल न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने पर सहमत हुए हैं। पहलगाम हमले के बाद दोनों देश युद्ध के कगार पर थे, जिसका भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के साथ जवाब दिया था।