यूपी के 13 जिलों में खुलेंगे 18 नए थाने, गृह विभाग ने दी मंजूरी : व्यूरो

कानून व्यवस्था को और मजबूत करने और अपराध तंत्र पर शिकंजा कसने के मकसद से उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में 18 नए थानों की स्थापना को गृह विभाग द्वारा मंजूरी दे दी गई है।

उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव गृह विभाग संजय प्रसाद की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।  देवरिया, गाजियाबाद, कानपुर देहात, कुशीनगर और औरैया जिले में दो-दो नए थाने स्वीकृत किए गए हैं।  वहीं, लखनऊ ग्रामीण में भी एक थाने की स्थापना की जाएगी।

गृह विभाग ने तीन जिलों में 1-1 पुलिस चौकियों को भी मंजूरी दी है। इसमें प्रतापगढ़ में ननौती, देवरिया में देवरहा बाबा आश्रम और सीतापुर में पाताबोझ पुलिस चौकी की स्थापना की जाएगी।

लखीमपुर खीरी में उचौलिया, कौशांबी में संदीपनघाट, अमेठी में इन्हौना, लखनऊ ग्रामीण में रहीमाबाद, प्रयागराज में एयरपोर्ट थाना, फतेहपुर में राधा नगर, सुल्तानपुर में शिवगढ़ और अयोध्या में बाबा बाजार थाने को मंजूरी दी गई है।

गृह विभाग द्वारा देवरिया के थाना रूद्रपुर को काटकर सुरौली और खामपार एवं बनकटा को काटकर श्रीरामपुर थाने की स्थापना को मंजूरी दी गई है साथ ही औरिया में कुदरकोट और सहार थाने को शासन ने मंजूरी दी गई है।