Trending

आतंक के खिलाफ भारत एकजुट : पाकिस्तान से सेमीफाइनल नहीं खेलेगी इंडिया चैंपियंस

भारत ने विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया। टीम ने पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले के बाद पड़ोसी देश के साथ किसी भी द्विपक्षीय खेल संबंध के खिलाफ देश के रुख का हवाला दिया है।

साभार : गूगल

शिखर धवन, इरफान पठान, हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सुरेश रैना की मौजूदगी वाली टीम इंडिया पहले ही आतंकवादी हमले और भारत द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने की इच्छा जता चुकी है।

भारत ने टूर्नामेंट के पहले ग्रुप चरण मुकाबले में इसी तरह का रुख अपनाया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उस मैच में भारत के कई शीर्ष पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना किया था।

भारत को एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पाकिस्तान से खेलना था। लीग के शीर्ष प्रायोजक ईजमाईट्रिप ने भारत-पाक मैच पर अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर दी है। इस ट्रैवल टेक कंपनी के सह संस्थापक निशांत पिट्टी ने अपने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हम विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में टीम इंडिया (इंडिया चैंपियन्स) के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हैं। आपने देश को गौरवांवित किया है।

पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सेमीफाइनल कोई सामान्य मैच नहीं है। आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ईजमाईट्रिप में हम भारत के साथ खड़े हैं। हम किसी ऐसे टूर्नामेंट का समर्थन नहीं कर सकते जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ रिश्तों को सामान्य करने का प्रयास करता है।

भारत के लोगों ने इस बारे में बात की है और हमने उनकी बात सुनी है। ईजमाईट्रिप डब्ल्यूसीएल में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के साथ नहीं जुड़ा है।’’ पिट्टी ने कहा, ‘‘कुछ चीजें खेल से बड़ी हैं। देश सबसे पहले, व्यवसाय हमेशा बाद में।’’ भारत चैंपियन्स ने मंगलवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में वेस्टइंडीज चैंपियन्स को सिर्फ 13.2 में हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।