Trending

भारत चैंपियंस का बड़ा फैसला : देश सबसे पहले, पाकिस्तान से नहीं खेलेंगे

इंडिया चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लिजेंड्स 2025 के सेमीफाइनल के बहिष्कार का फैसला किया है। मुकाबला पाकिस्तान चैंपियंस से होना था लेकिन पहलगाम के बर्बर आतंकी हमले के विरोध और राष्ट्रीय भावना के सम्मान में भारतीय खिलाड़ियों ने सामूहिक फैसला लिया।

साभार : गूगल

टूर्नामेंट के लीग मैच में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान से खेलने से इनकार किया था। इंडिया चैंपियंस के सेमीफाइनल के बहिष्कार के फैसले से पाकिस्तान अब बिना खेले ही फाइनल में पहुंच गया है।

इस मुद्दे पर भारतीय टीम से जुड़े हुए इनसाइडर ने कहा है कि सेमीफाइनल क्या, अगर पाकिस्तान के साथ फाइनल होता तब भी हम नहीं खेलते। सबसे पहले देश है, उसके बाद ही कुछ और। एक अंग्रेजी अखबार ने इनसाइडर के हवाले से अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि खिलाड़ियों ने खेल प्रतिबद्धताओं के ऊपर राष्ट्रीय भावना को प्राथमिकता देते हुए मैच से हटने का फैसला किया।

नाम नहीं छापने की शर्त पर इनसाइडर ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, ‘हम पाकिस्तान के साथ (सेमीफाइनल में) नहीं खेल रहे हैं। हमारा देश हमारे लिए हमेशा शीर्ष पर रहेगा, उसके बाद ही कुछ और। इंडिया के लिए कुछ भी। हम भारतीय टीम के प्राउड मेंबर हैं।

हमने अपने शर्ट पर भारतीय झंडे के लिए बहुत संघर्ष किया है और कड़ी मेहनत की है। हमने इसे अर्जित किया है। हम कभी भी अपने देश को झुकने नहीं देंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। भारत माता की जय।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर हम फाइनल में भी पहुंचे होते और पाकिस्तान से सामना होता तब भी हम यही करते। हम सभी भारतीयों का इस पर समान रुख है।’

इससे पहले भारत ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लिजेंड्स में 20 जुलाई को पाकिस्तान के साथ होने वाले पहले मैच का भी बहिष्कार किया था। फैसला पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों के बर्बर हमले के विरोध में लिया गया जिसमें पुरुष पर्यटकों का धर्म पूछकर उनकी पत्नी और बच्चों के सामने ही हत्या की थी।

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों को ड्रोन और मिसाइल हमलों से नेस्तनाबूद कर दिया था। उससे बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों और यहां तक कि कुछ धर्मस्थलों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की।

भारत ने उसके सभी मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया और जवाब में पाकिस्तान के तमाम सैन्य ठिकानों खासकर एयरबेस पर जबरदस्त हमले किए। भारत का जवाब इतना करारा था कि पाकिस्तान घुटने टेकने को मजबूर हो गया और उसके डीजीएमओ ने सीजफायर की गुहार लगाई।

भारत ने सीजफायर की पाकिस्तानी याचना को स्वीकार तो कर लिया लेकिन साथ में दो टूक चेतावनी भी दी कि ऑपरेशन सिंदूर अभी सिर्फ स्थगित हुआ है। अगर पाकिस्तान फिर कोई आतंकी हिमाकत करता है तो ऑपरेशन बहाल हो जाएगा।