Trending

पाकिस्तान- न्यूजीलैंड पर मंडराया 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक से बाहर होने का खतरा, जानें क्या है वजह

पाकिस्तान को ओलंपिक गेम्स 2028 से बाहर होना पड़ सकता है। इसके अलावा न्यूजीलैंड की टीम पर भी यही खतरा मंडरा रहा है। 128 साल के बाद ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी हो रही है और इन दो टीमों समेत कई और टीमों के इस टूर्नामेंट में खेलने की संभावना बहुत कम है।

साभार : गूगल

इसके पीछे का कारण ये भी है कि लॉस एंजलिस ओलंपिक में सिर्फ 6-6 ही टीमें ही मेंस और वुमेंस कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करेंगी। अभी तक आईसीसी और आईओसी की ओर से कोई क्वालीफिकेशन प्रोसेस का ऐलान नहीं किया गया है।

हालांकि, रिपोर्ट बताती है कि जुलाई में सिंगापुर में हुई वार्षिक आम बैठक के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने क्वालीफिकेशन प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है। इसमें न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की टीम मेंस कैटेगरी में भाग नहीं ले पाएगी।

रीजनल क्वालीफिकेशन के कारण न्यूजीलैंड और पाकिस्तान का पत्ता LA28 ओलंपिक से कटने की उम्मीद है। रिपोर्ट बताती है कि आईसीसी ने इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी के मानकों के अनुरूप एक क्षेत्रीय योग्यता प्रणाली अपनाई है। पांच महाद्वीपों – एशिया, ओशिनिया, यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका – का प्रतिनिधित्व होगा।

इस प्रस्तावित प्रक्रिया के तहत, भारत (एशिया), ऑस्ट्रेलिया (ओशिनिया), ग्रेट ब्रिटेन (यूरोप) और दक्षिण अफ्रीका (अफ्रीका) अपनी वर्तमान टी-20 रैंकिंग के आधार पर महाद्वीपीय प्रतिनिधि के रूप में क्वॉलिफिकेशन प्राप्त करेंगे, जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका (अमेरिका) को मेजबान के रूप में स्वतः प्रवेश मिलेगा। आईसीसी मेंस टी-20 रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज न्यूजीलैंड, ओशिनिया की शीर्ष टीम ऑस्ट्रेलिया से पीछे है, जो दूसरे स्थान पर है।

अगर क्वॉलिफिकेशन मौजूदा रैंकिंग के आधार पर तय की जाती हैं, तो पाकिस्तान (आठवें स्थान) जैसी टीमें एशियाई स्थान के लिए शीर्ष रैंकिंग वाले भारत से भी चूक जाएंगी। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों ने इस प्रस्तावित क्वालिफिकेशन प्रोसेस सिस्टम पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है।

हालांकि, यह आईसीसी की स्वीकृति के अधीन है। यूरोप से ग्रेट ब्रिटेन यानी इंग्लैंड की टीम के खेलने के चांस हैं, जबकि अफ्रीका से साउथ अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट खेलेगी। छठी टीम वेस्टइंडीज की हो सकती है, लेकिन उसके लिए प्रोसेस अलग होगा। महिलाओं की टीमों का ऐलान अगले साल टी20 वर्ल्ड कप के बाद होगा।