शुभमन गिल ने तोड़ा सुनील गावस्कर का 46 साल पुराना रिकॉर्ड
भारत बनाम इंग्लैंड पांचवां और आखिरी टेस्ट लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सुनील गावस्कर का 46 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह रिकॉर्ड था बतौर कप्तान एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का।

इंग्लैंड के खिलाफ 11 रन बनाते ही गिल ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया और वह भारत के नंबर-1 कप्तान बन गए हैं। बता दें, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत ने 38 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल- के विकेट गंवा दिए।
लंच तक भारत का स्कोर 2 विकेट पर 72 रन हैं। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल का विकेट गिरने के बाद बैटिंग करने आए शुभमन गिल पर काफी दबाव था। हालांकि महज 11 रन का बनाते ही उन्होंने बतौर कप्तान एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
सुनील गावस्कर ने 1978/79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 मैचों की 9 पारियों में 91.50 की औसत के साथ 732 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 4 शतक जड़े थे।
तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी में रेड हॉट फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल ने अब इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। लंच के ऐलान तक वह 15 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनके नाम अब इस सीरीज में 737 रन हो गए हैं। वह अभी तक सीरीज में 5 शतक जड़ चुके हैं। बतौर कप्तान एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सर डॉन ब्रैडमैन के नाम है।
1936/37 में इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में उन्होंने सर्वाधिक 810 रन बनाए थे। गिल अब उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ने से महज 73 रन ही पीछे हैं। वह इंग्लैंड के खिलाफ पांचवे टेस्ट की पहली पारी में ही इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
एक टेस्ट सीरीज में किसी भारतीय कप्तान द्वारा सर्वाधिक रन
737 – शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड, 2025
732 – सुनील गावस्कर बनाम वेस्टइंडीज, 1978/79
655 – विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, 2016/17
610 – विराट कोहली बनाम श्रीलंका, 2017/18
593 – विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, 2018