Trending

गस एटकिंसन- जोश टंग की धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड हावी, भारत के 6 विकेट पर 204 रन

टीम इंडिया में लौटने वाले करुण नायर ने अर्धशतक जड़ा, गस एटकिंसन और जोश टंग की धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट के वर्षा से प्रभावित पहले दिन यहां मेहमान टीम का पहली पारी में स्कोर छह विकेट पर 204 रन करके अपना पलड़ा भारी रखा।

@BCCI

एटकिंसन (31 रन पर दो विकेट) और टंग (47 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और गेंदबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में नायर के अलावा उसका कोई अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। बारिश की वजह से पहले दिन 64 ओवर का खेल संभव हो पाया।

भारत ने 153 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद नायर (नाबाद 52 रन, 98 गेंद, सात चौके) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 19 रन) ने सातवें विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी करके टीम को वापसी दिलाने का प्रयास किया। भारत के लिए पहले दो सत्र की तरह तीसरे सत्र में शुरुआत अच्छी नहीं रही।

एक छोर पर टिककर खेल रहे साई सुदर्शन (38) टंग की शानदार आउटस्विंगर पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों लपके गए जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर 101 रन हो गया। नायर ने टंग के अगले ओवर में दो चौके मारे लेकिन इस तेज गेंदबाज ने रविंद्र जडेजा (09) को स्मिथ के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया।

जडेजा ने चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद शतक जड़कर वाशिंगटन के साथ मिलकर भारत को हार से बचाया था। ध्रुव जुरेल 19 रन की पारी के दौरान अच्छी लय में दिखे। वह गस एटकिंसन की अंदर आती गेंद पर पगबाधा होने से बचे लेकिन अगली गेंद पर दूसरी स्लिप में हैरी ब्रूक को कैच दे बैठे।

नायर ने जेमी ओवरटन पर लगातार दो चौकों के साथ दबाव कम करने का प्रयास किया। नायर और वाशिंगटन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया। नायर ने 62वें ओवर में जैकब बेथेल की गेंद पर दो रन के साथ 89 गेंद में अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया और साथ टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।

बारिश की वजह से लंच और चाय के बीच छह ओवर का खेल हो गया जिसमें भारत ने कप्तान शुभमन गिल (21) का विकेट गंवाकर 13 रन बनाए। लंच से पहले अचानक आई बारिश के कारण दूसरे सत्र का खेल स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू हुआ। क्रीज पर नजर जमाने के बाद गिल ने एटकिंसन की गेंद पर गैर जरूरी रन लेने का प्रयास किया और इस तेज गेंदबाज ने उन्हें रन आउट कर दिया।

कुछ देर बाद फिर बारिश होने लगी और खिलाड़ियों को वापस लौटना पड़ा जिसके कुछ देकर बाद चाय का ब्रेक लिया गया। गिल मौजूदा श्रृंखला में 743 रन बना चुके हैं और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पछाड़कर एक श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। गावस्कर ने 1978-79 की टेस्ट श्रृंखला में वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे।

भारत ने घास की मौजूदगी वाली पिच पर सुबह के सत्र में अपने सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के विकेट गंवाए लेकिन लंच तक दो विकेट पर 72 रन बनाकर अच्छा प्रदर्शन किया। श्रृंखला की सबसे अधिक घास की मौजूदगी वाली पिच पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

गिल ने मौजूदा श्रृंखला में पांचों बार टॉस गंवाया। गेंद उम्मीद के मुताबिक सीम तो कर रही थी लेकिन बहुत ज्यादा स्विंग नहीं कर रही थी। श्रृंखला का अपना पहला मैच खेल रहे एटकिंसन ने अपने दूसरे ओवर में जायसवाल (02) को आउट किया। मैदानी अंपायर ने आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें फैसला बदलना पड़ा क्योंकि अंदर आती गेंद स्टंप्स पर लगती।

अन्य तेज गेंदबाजों जोश टंग और जेमी ओवरटन को नियंत्रण बनाए रखने में दिक्कत हुई। टंग ने अपने पहले ओवर में 12 रन दिए जिसमें स्टंप के दोनों ओर दो वाइड के जरिए 10 रन थे। खेल के पहले घंटे में भारत का स्कोर एक विकेट पर 36 रन हो गया। अच्छी फॉर्म में चल रहे राहुल (14 रन) आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने।

क्रिस वोक्स की शॉर्ट गेंद को कट करने की कोशिश में वह विकेटों पर खेल गए। सुदर्शन ने टंग और वोक्स की गेंदों पर चौके जड़े जबकि मौजूदा श्रृंखला के सबसे सफल बल्लेबाज गिल ने ओवरटन की गेंद को कवर के ऊपर से चार रन के लिए भेजा और फिर पुल करके दोनों ओर बाउंड्री लगाई।

भारत ने अपनी एकादश में चार बदलाव करते हुए जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज, शार्दुल ठाकुर और चोटिल ऋषभ पंत की जगह फिट हो चुके आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, करुण नायर और ध्रुव जुरेल को शामिल किया।

इंग्लैंड ने भी चार बदलाव किए। टीम ने बुधवार को ही इसकी घोषणा कर दी थी क्योंकि चोटिल कप्तान बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।