गावस्कर का इंग्लैंड पर तीखा हमला : ‘कोई बॉलिंग नहीं, इसलिए ऐसी पिच बनाई’
भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज का अंत होते-होते फैंस को इंग्लैंड की पारंपरिक पिच देखने का मौका मिला। दरअसल, सीरीज के शुरुआती चार मैच एकदम पाटा विकेट पर खेले गए थे जहां गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी।

इसका फायदा बल्लेबाजों ने खूब उठाया और रनों की बरसात की। अब ओवल में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट में एकदम ग्रीन-टॉप विकेट देखने को मिली। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा एक्सपर्ट सुनील गावस्कर भड़क गए।
गावस्कर ने कहा कि इंग्लैंड के पास कोई गेंदबाज नहीं है जिस वजह से उन्होंने ऐसी विकेट तैयार की। दरअसल, पांचवें टेस्ट में इंग्लैंड ने चार बदलाव किए हैं। कप्तान बेन स्टोक्स कंधे की चोट के चलते बाहर हैं, वहीं जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स को भी आखिरी मुकाबले में जगह नहीं मिली है।
यह तीनों इंग्लैंड के लिए विकेट चटकाने वाले गेंदबाज रहे हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड ने अपने अनुभवहीन गेंदबाजों को मदद प्रदान करने के लिए ग्रीन पिच तैयार की है। सुनील गावस्कर से जब पूछा गया कि इंग्लैंड इस पिच पर कप्तान बेन स्टोक्स को कितना मिस करेगी? लिटिल मास्टर ने जवाब में कहा, “अरे उनके पास कोई बॉलिंग है नहीं, इसलिए तो इन्होंने ऐसी पिच बनाई।
आप जानते हैं कि स्टोक्स ने विकेट ली है, आर्चर ने विकेट ली है, कार्स ने विकेट ली है…अगर वो आपके टीम में नहीं है तो कौन विकेट लेगा। इसकी वजह से उन्होंने ऐसी पिच बनाई जहां से टंग और जो भी है उनको मदद मिले।”
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने पहले दिन 6 विकेट के नुकसान पर 204 रन बोर्ड पर लगाए। भारत के लिए करुण नायर ने शानदार अर्धशतक जड़ा, वह 52 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनके अलावा कोई बल्लेबाज ज्यादा समय क्रीज पर नहीं बिता पाया। नायर का साथ इस समय वॉशिंगटन सुंदर दे रहे हैं।