रोमांचक जीत के बाद डी विलियर्स की साउथ अफ्रीका पहुंची फाइनल में, पाकिस्तान से होगी भिड़ंत
एबी डी विलियर्स की अगुवाई वाली साउथ अफ्रीका की टीम वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में बेहतरीन फॉर्म में है। गुरुवार, 31 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में उन्होंने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई।

साउथ अफ्रीका अब ट्रॉफी से एक कदम दूर है, फाइनल में उनकी भिड़ंत पाकिस्तान से होनी है। बता दें, पाकिस्तान और भारत के बीच पहला सेमीफाइनल खेला जाना था, मगर भारतीय खिलाड़ियों द्वारा इस मैच का बहिष्कार किए जाने के बाद टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई और पाकिस्तान को फाइनल का टिकट मिल गया।
पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच फाइनल 2 अगस्त को बर्मिंघम में खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरे सेमीफाइनल की बात करें तो, एबी डी विलियर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 187 रनों का टारगेट रखा था।
रेड हॉट फॉर्म में चल रहे डी विलियर्स सेमीफाइनल में कुछ कमाल नहीं दिखा सके और मात्र 4 रन बनाकर आउट हो गए। साउथ अफ्रीका के लिए सलामी बल्लेबाज जेजे स्मट्स (57) और मोर्ने वैन विक (76) ने अर्धशतक जड़े और टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस स्कोर का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को शॉन मार्श (25) और क्रिस लिन (35) ने अच्छी शुरुआत दी।
इसके बाद डार्सी शॉट ने भी 33 रनों की पारी खेली। सधी हुई शुरुआत के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की पारी अंतिम ओवरों में लड़खड़ा गई।
डैनियल क्रिश्चियन (49) एक छोर को संभाले हुए थे, मगर दूसरे एंड से उन्हें किसी का साथ नहीं मिल रहा था। आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को 3 रनों की दरकार थी, मगर पार्नेल की शानदार गेंदबाजी और एबी डी विलियर्स के रॉकेट थ्रो ने साउथ अफ्रीका को अंतिम गेंद पर 1 रन से जीत दिलाई।