क्रिस वोक्स की चोट : भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टेस्ट मैच से बाहर होने की आशंका
इंग्लैंड के धाकड़ तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की इंजरी ने मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ा दी है। दोनों टीमों के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज का पांचवां मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर हो रहा है। भारत इंग्लैंड टेस्ट मैच के पहले दिन फील्डिंग करते समय क्रिस वोक्स के कंधे में चोट लगी।

यह चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा और वह फिर दिन के अंत तक नहीं लौटे। साथी तेज गेंदबाज गस एटकिंसन ने क्रिस वोक्स की इंजरी को लेकर बीबीसी स्पोर्ट से कहा, “यह अच्छा नहीं लग रहा है। अगर वह खेल में हिस्सा लेते हैं तो मुझे हैरानी होगी।”
एटकिंसन ने आगे कहा, “यह सीरीज का आखिरी मैच है और जब कोई चोटिल होता है तो यह शर्म की बात है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह ज्यादा बुरा न हो। जो भी हो, उसे सभी का पूरा समर्थन मिलेगा।” रिपोर्ट के अनुसार इस चोट के चलते क्रिस वोक्स 5वें टेस्ट से बाहर हो सकते हैं।
हालांकि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस पर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है। बताया जा रहा है कि वोक्स के कंधे का स्कैन होगा जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को मैच से पहले आ सकती है। क्रिस वोक्स इंग्लैंड के एकमात्र तेज गेंदबाज हैं जिन्होंने सीरीज के सभी मैचों में हिस्सा लिया। हालांकि इस बार इंग्लैंड फ्लैट पिचों पर वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए।
अब जब ओवल में ग्रीन-टॉप विकेट मिला तो वह चोटिल हो गए। क्रिस वोक्स ने भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टेस्ट के पहले दिन 14 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 46 रन देकर केएल राहुल के बेहद ही महत्वपूर्ण विकेट चटकाया।
अगर वोक्स की यह चोट ज्यादा गंभीर पाई जाती है तो वह भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट से तो बाहर होंगे ही साथ ही उनका पत्ता आगामी एशेज सीरीज से भी कट सकता है।
36 वर्षीय वोक्स की उम्र को ध्यान में रखते हुए उनकी रिकवरी भी लेट हो सकती है। बेन स्टोक्स वैसे ही यह टेस्ट नहीं खेल रहे हैं, वहीं मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर जैसे सीनियर गेंदबाज भी टीम का हिस्सा नहीं है। ऐसे में वोक्स जैसे अनुभवी गेंदबाज का बाहर होना इंग्लैंड के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।