सिराज का कमाल, बुमराह का रिकॉर्ड चकनाचूर
भारत बनाम इंग्लैंड 5 मैच की टेस्ट सीरीज का पांचवां मुकाबला लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की कहर बरपाती गेंदबाजी का मेजबानों के पास कोई जवाब नहीं था। सिराज ने इंग्लैंड की पहली पारी में 4 विकेट चटकाए और इंग्लिश टीम को 247 रनों पर समेटने में मदद की।

इस 4 विकेट हॉल के साथ सिराज ना सिर्फ मौजूदा सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं, बल्कि वह इंग्लैंड में सबसे अधिक 4 विकेट हॉल लेने वाले भी नंबर-1 एशियाई गेंदबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में जसप्रीत बुमराह का रिकॉर्ड तोड़ा है। बुमराह ने इंग्लैंड में अभी तक 5 बार पारी में 4 विकेट चटकाए हैं।
मोहम्मद सिराज के करियर में यह छठा मौका है जब उन्हें इंग्लैंड की सरजमीं पर एक पारी में 4 विकेट मिले हो। मोहम्मद सिराज ने इसी के साथ श्रीलंका और पाकिस्तान के लीजेंड्री गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन और वकार यूनुस की बराबरी की है।
इन दोनों दिग्गजों के नाम भी इंग्लैंड में 6-6 चार विकेट हॉल दर्ज हैं। बात मैच की करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 224 रनों पर सिमट गई।
जवाब में इंग्लैंड 247 रन ही बोर्ड पर लगा सकी। भारत के लिए मोहम्मद सिराज के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 4 विकेट लिए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत दूसरी पारी में 2 विकेट पर 75 रन बोर्ड पर लगा चुका है। यशस्वी जायसवाल अर्धशतक बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इंग्लैंड टेस्ट में सर्वाधिक 4 विकेट हॉल (एशियाई गेंदबाज)
6 – मोहम्मद सिराज
6 – मुथैया मुरलीधरन
6 – वकार यूनिस
5- जसप्रीत बुमराह
5 – मोहम्मद आमिर
5- यासिर शाह