रोमांचक हुआ भारत-इंग्लैंड टेस्ट, तीसरे दिन 98 ओवर का खेल, जानें नए सेशन टाइमिंग
लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का पांचवां टेस्ट खेला जा रहा है। भारत ने दूसरे दिन इंग्लैंड को 247 पर ढेर कर मैच में रोमांच का तड़का लगा दिया है।

दूसरा दिन भी बारिश से प्रभावित रहा और कई बार मैच रुका। ऐसे में तीसरे दिन के सेशन टाइमिंग और ओवर संख्या में थोड़ा बदलाव हुआ है। एक क्रिकेट साइट की रिपोर्ट के अनुसार तीसरे दिन कुल 98 ओवर का खेल होगा और मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजकर 30 मिनट तक चलेगा।
बता दें, आमतौर पर दिन का खेल साढ़े 10 बजे समाप्त हो जाता है, ओवर ना पूरे होने पर मैच को 11 बजे तक बढ़ाया जाता है। तीसरे दिन की शुरुआत वही भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे होगी और पहला सेशन साढ़े 5 बजे तक चलेगा। लंच ब्रेक भी 40 मिनट का होगा। बदलाव दूसरे और तीसरे सेशन की टाइमिंग में किए गए हैं।
दोनों सेशन में 15-15 मिनट बढ़ाए गए हैं। तीसरे दिन कुल 98 ओवर का खेल होगा, अगर रात 11 बजे तक 98 ओवर पूरे नहीं हो पाते तो दिन के खेल को 30 मिनट तक बढ़ाया जाएगा। बात मैच की करें तो दूसरे दिन के अंत तक भारत अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट पर 75 रन बोर्ड पर लगा चुका है।
भारत का दूसरी पारी में रन रेट 4.17 का रहा है, इसके पीछे मुख्य वजह यशस्वी जायसवाल रहे हैं जो 49 गेंदों पर 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 51 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
दिन का खेल खत्म होने तक आकाशदीप उनके साथ क्रीज पर मौजूद हैं। भारत को दो झटके केएल राहुल और साई सुदर्शन के रूप में लगे।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 247 रनों पर सिमट गई थी और मेजबानों ने भारत (224) की पहली पारी के आधार पर 23 रनों की लीड ली थी। इंग्लैंड के लिए जैक क्रॉली और हैरी ब्रूक ने अर्धशतक जड़े। वहीं भारत के लिए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट चटकाए।
तीसरे दिन कुल 98 ओवर का खेल होगा, अगर रात 11 बजे तक 98 ओवर पूरे नहीं हो पाते तो दिन के खेल को 30 मिनट तक बढ़ाया जाएगा।
भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टेस्ट के तीसरे दिन की सेशन टाइमिंग
पहला सेशन: 11:00 – 13:00 (3:30 pm – 5:30 pm IST)
लंच: 13:00 – 13:40 (5:30 pm – 6:10 pm IST)
दूसरा सेशन: 13:40 – 15:55 (6:10 pm – 8:25 pm IST)
टी-ब्रेक: 15:55 – 16:15 (8:25 pm – 8:45 pm IST)
तीसरा सेशन: 16:15 – 18:30 (8:45 pm – 11 pm IST)