Trending

बुमराह को मिस कर रहे हैं सिराज, बोले – ‘किसको गले लगाऊं?’

भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में जारी पांचवां टेस्ट नहीं खेल रहे हैं। उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दिया गया है। मैच के दूसरे दिन बीसीसीआई ने अपडेट दिया कि जसप्रीत बुमराह को स्क्वॉड से रिलीज भी कर दिया गया है।

साभार : गूगल

इसका मतलब यह है कि वह मैच खत्म होने तक भी टीम के साथ नहीं रहेंगे। ऐसे में मोहम्मद सिराज उन्हें सबसे ज्यादा मिस कर रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे दिन शानदार परफॉर्मेंस देने के बाद बताया कि उनकी जसप्रीत बुमराह से आखिरी बातचीत क्या हुई थी।

सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 4 विकेट चटकाए। उनकी इस लाजवाब परफॉर्मेंस के दम पर भारत मेजबानों को 247 के स्कोर पर समेटने में कामयाब रहा।

बीसीसीआई द्वारा जारी वीडियो में मोहम्मद सिराज कहते नजर आ रहे हैं, ‘जस्सी भैया को ये बोला था आप जा क्यों रहे हो, मैं 5 विकेट लेकर आकर किसको गले लगाऊं? उन्होंने बोला मैं हूं इधर ही तू 5 विकेट लेले। तो बस यही हम लोगों की बातचीत हुई।’ मोहम्मद सिराज के अलावा इस पारी में प्रसिद्ध कृष्णा ने भी चार विकेट लिए थे।

उन्होंने भारत की तेज गेंदबाजी यूनिट के बीच बढ़ते तालमेल के बारे में बात की। प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, “सिराज और मैं पाँच साल से साथ खेल रहे हैं, जिसमें आईपीएल भी है। हम मैदान के बाहर भी खूब बातें करते हैं। आकाश दीप के साथ भी ऐसा ही है – तेज गेंदबाजी समूह वाकई काफी तेज दिख रहा है।”

बता दें, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया 224 रनों पर सिमट गई थी, जिसके बाद भारत ने इंग्लैंड को पहली पारी में 247 रनों पर ढेर किया। 23 रनों से पिछड़ रही टीम इंडिया दूसरी पारी में 2 विकेट पर 75 रन बोर्ड पर लगा चुकी है।