Trending

आपसी विश्वास, जिम्मेदारी और तालमेल : कृष्णा-सिराज की सफलता का मंत्र

भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट में लौटने का श्रेय आपसी विश्वास, जिम्मेदारी और तेज गेंदबाजी ईकाई के तालमेल को दिया है।

साभार : गूगल

पहले सत्र में खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय तेज गेंदबाजों ने पांचवें और आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन बाकी दोनों सत्रों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 247 रन पर आउट करके सिर्फ 23 रन की बढत लेने दी। प्रसिद्ध ने बीसीसीआई की वेबसाइट पर डाले वीडियो में कहा ,‘ हम तीनों ने ब्रेक में बात की थी।

हमने कहा कि जो हुआ, वह हो चुका है। हमें यह देखना है कि आगे क्या करना है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘हमने यह सुनिश्चित किया कि गेंदबाजी के समय एक दूसरे के साथ खड़े होंगे।

अगर कुछ बदलाव करना होगा तो करेंगे। एक दूसरे के पास जाकर एक दूसरे को बताते रहेंगे कि क्या करना है। हम बहुत खुश है कि एक दूसरे को बेहतर प्रदर्शन के लिये प्रेरित करते रहे।’’ मोहम्मद सिराज ने 16 . 2 ओवर में 86 रन देकर चार विकेट लिये जबकि प्रसिद्ध ने 16 ओवर में 62 रन देकर चार विकेट चटकाये।

प्रसिद्ध ने गेंदबाजों के तालमेल के बारे में कहा ,‘‘हम काफी समय से साथ खेल रहे हैं और आईपीएल में भी मैं उसके साथ खेला हूं। हम काफी समय साथ बिताते हैं। आकाश दीप के साथ भी ऐसा ही है। तेज गेंदबाजों का तालमेल अच्छा है। एक दूसरे की कामयाबी का मजा लेना जरूरी है। आपस में विश्वास होने से टीम बेहतर प्रदर्शन कर पाती है।’’